SRH vs MI Updates: हैदराबाद के मैदान पर हुई चौकों-छक्कों की बरसात, हाई-स्कोरिंग एनकाउंटर में 31 रनों से जीती सनराइजर्स

हैदराबाद के मैदान पर हुई चौकों-छक्कों की बरसात, हाई-स्कोरिंग एनकाउंटर में 31 रनों से जीती सनराइजर्स
  • पहली जीत की तलाश में उतरेगी हैदराबाद और मुंबई
  • मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीता टॉस
  • हैदराबाद ने बनाया आईपीएल का सबसे बड़ा टोटल

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। पिछले छह दिनों में एक से बढ़कर एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। इसी कड़ी में आज सीजन का आठवां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग एनकाउंटर में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने मुंबई इंडियंस को 31 रनों से मात दी। हैदराबाद की इस धमाकेदार जीत में हेनरिक क्लासेन (नाबाद 80 रन), अभिषेक शर्मा (63 रन) और ट्रैविस हेड (62 रन) की आतिशी पारियों ने अहम भूमिका निभाई। सभी बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा 277 रनों का टोटल खड़ा किया था। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी का नाजारा दिखाते हुए 246 रन बना दिए। लेकिन बावजूद इसके टीम को हार झेलनी पड़ी।

हैदराबाद के सभी बल्लेबाजों ने दिखाया दम

मुकाबले की शुरुआत में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने तूफानी शुरुआत की। लेकिन चार ओवर में 45 रनों की ओपनिंग साझेदारी के बाद मयंक अग्रवाल (11 रन) पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अभिषेक शर्मा (63 रन) ने ट्रैविस हेड (62 रन) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। हालांकि, दोनों ही बल्लेबाज तूफानी अर्धशतक के बाद पवेलियन लौट गए। लेकिन टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों से मिली धमाकेदार शुरुआत को हेनरिक क्लासेन (नाबाद 80 रन) और एडन मार्करम (42 रन) की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 116 रनों की साझेदारी निभाई। सभी बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल हासिल किया। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में महज तीन विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर से कप्तान हार्दिक, जेराल्ड कोएट्जी और पीयूष चावला ने एक-एक विकेट हासिल किए।

मुंबई ने की लक्ष्य पाने की भरपूर कोशिश

विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने भी धमाकेदार शुरुआत की। ईशान किशन और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने महज तीन ओवरों में अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। लेकिन 13 गेंदों में 34 रनों की आतिशी पारी खेल ईशान किशन पवेलियन लौट गए। जबकि रोहित शर्मा भी 12 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद तिलक वर्मा (64 रन) और नमन धीर (30 रन) ने की जोड़ी ने शानदार साझेदारी निभाकर मुंबई के स्कोर को डेढ़ सौ रनों के पार पहुंचाया। लेकिन एक बार फिर से दोनों सेट बल्लेबाज एक साथ पवेलियन लौट गए। हालांकि, बावजूद इसके टिम डेविड (नाबाद 42 रन) और कप्तान हार्दिक पांड्या (24 रन) ने आक्रमक बल्लेबाजी जारी रखते हुए मुंबई को दो सौ रनों के पार पहुंचाया। लेकिन कप्तान पांड्या की धीमी पारी मुंबई की टीम पर भारी पड़ गई। अंत में मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 246 रन ही बना सकी। हैदराबाद की ओर से कप्तान कमिंस और जयदेव उनादकट ने दो-दो विकेट हासिल किए।

Live Updates

  • 27 March 2024 6:06 PM GMT

    लक्ष्य से काफी पीछे रह गई मुंबई इंडियंस

    विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई इंडियंस की टीम सभी बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत काफी समय तक मुकाबले में बनी रही। लेकिन अंतिम ओवरों में हैदराबाद के गेंदबाजों की ओर से हुई शानदार गेंदबाजी की वजह से मुंबई की टीम लक्ष्य से 31 रन दूर रह गई। अंत में टिम डेविड (नाबाद 42 रन) और इम्पैक्ट प्लेयर रोमारिया सेफर्ट (नाबाद 15 रन) की जोड़ी नाबाद लौटी।

  • 27 March 2024 5:51 PM GMT

    कप्तान हार्दिक धीमी पारी खेल लौटे पवेलियन

    अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान हार्दिक पांड्या 20 गेंदों में 24 रनों की एक धीमी पारी खेल पवेलियन लौट गए। विपक्षी कप्तान हार्दिक पांड्या को हैदराबाद के कप्तान पेट कमिंस ने अपनी स्लोअर बाउंसर गेंद पर विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 19 ओवरों के बाद पांच विकेट के नुकसान पर 231 रन है।

  • 27 March 2024 5:34 PM GMT

    मुंबई इंडियंस का स्कोर दो सौ रनों के पार

    तिलक वर्मा के पवेलियन लौटने के बाद कुछ गेंदों के लिए मुंबई इंडियंस की पारी धीमी हो गई। लेकिन पारी के 17वें ओवर में टिम डेविड ने भुवनेश्वर कुमार को एक के बाद एक दो छक्के और एक चौका लगाकर मुंबई के स्कोर को दो सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय 17 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 210 रन है।

  • 27 March 2024 5:25 PM GMT

    अर्धशतक के बाद पवेलियन लौटे तिलक वर्मा

    चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई इंडियंस के स्कोर को दो सौ रनों के करीब पहुंचाया। लेकिन 34 गेंदों में 64 रन बनाकर तिलक वर्मा विपक्षी कप्तान पैट कमिंस की गेंद पर बड़ा शॉर्ट खेलने की कोशिश में मयंक अग्रवाल के हाथों कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 15 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 185 रन है।

  • 27 March 2024 5:11 PM GMT

    तिलक वर्मा ने लगाया शानदार अर्धशतक

    ईशान किशन और रोहित शर्मा के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों में अर्धशतक लगाया। उनकी इस तूफानी पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने पारी के 12वें ओवर में डेढ़ सौ का आंकड़ा पार कर लिया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 13 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 170 रन है।

  • 27 March 2024 5:09 PM GMT

    नमन धीर को उनादकट ने भेजा पवेलियन

    तिलक वर्मा के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर मुंबई के स्कोर को डेढ़ सौ रनों तक पहुंचाने के बाद नमन धीर जयदेव उनादकट की गेंद पर विपक्षी कप्तान पैट कमिंस के हाथों कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। नमन 14 गेंदों में 30 रनों की आतिशी पारी के बाद आउट हुए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 11 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 151 रन है।

  • 27 March 2024 4:46 PM GMT

    मुंबई इंडियंस का स्कोर सौ रनों के पार

    ईशान किशन और रोहित शर्मा के पवेलियन लौटने के बाद नमन धीर और तिलक वर्मा की जोड़ी ने आक्रमक बल्लेबाजी करते हुए पारी के आठवें ओवर में टीम के टोटल को सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 8 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 102 रन है।

  • 27 March 2024 4:34 PM GMT

    कमिंस ने रोहित शर्मा को भेजा पवेलियन

    ईशान किशन के साथ ताबड़तोड़ शुरुआत करने वाले रोहित शर्मा भी पैट कमिंस को एक छक्का लगाने के बाद शॉर्ट बॉल पर बड़ा शॉर्ट खेलने की कोशिश में अभिषेक शर्मा के हाथों कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा 12 गेंदों में 26 रनों की पारी खेल आउट हुए। पावरप्ले के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 6 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 76 रन है। 

  • 27 March 2024 4:28 PM GMT

    शहबाज की फिरकी में फंसे ईशान किशन

    महज तीन ओवरों में रोहित शर्मा के साथ पचास रनों की साझेदारी निभाने के बाद पारी के चौथे ओवर में भी ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। इस ओवर में शहबाज अहमद की पहली गेंद पर ईशान ने एक गगनचुंबी छ्क्का लगाया। लेकिन अगली ही गेंद पर शहबाज ने शानदार वापसी करते हुए ईशान को पवेलियन का रास्ता दिखाया। ईशान महज 13 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। इस समय मुंबई इंडियंस का स्कोर 4 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 59 रन है।

  • 27 March 2024 4:21 PM GMT

    ईशान-रोहित ने निभाई अर्धशतकीय साझेदारी

    विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। ईशान किशन और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने महज तीन ओवरों में अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। दोनों बल्लेबाजों के धमाकेदार शुरुआत की बदौलत मुंबई इंडियंस की टीम का स्कोर तीन ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 50 रन है।

Created On :   27 March 2024 1:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story