शोक: संगीतकार वाजिद खान का निधन, एक हफ्ते से थे कोरोना संक्रमित

शोक: संगीतकार वाजिद खान का निधन, एक हफ्ते से थे कोरोना संक्रमित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोनावायरस का प्रकोप पूरी दुनिया झेल रही है। इससे बचाव के लिए कई कदम अब तक उठाए गए हैं, लेकिन इस कहर के बीच बॉलीवुड से लगातार बुरी खबरें सामने आ रही हैं। दरअसल, बॉलीवुड की दुनिया से एक और दुखद खबर मिली है। फिल्म "दबंग" और "टाइगर जिंदा है" जैसी सुपरहिट फिल्मों का संगीत देने वाले बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर वाजिद खान (Wajid Khan) का रविवार देर रात निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वाजिद के निधन का मुख्य कारण उनके किडनी की समस्या बताई जा रही है। 

रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि किडनी के इलाज के दौरान उनका टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट में कोरोना (Coronavirus) पॉजिटिव आया था और वह एक हफ्ते से कोरोना पॉजिटिव थे। बता दें कि साजिद और वाजिद की जोड़ी फिल्म इंडस्ट्री में काफी मशहूर थी। 

वाजिद खान के निधन की पुष्टि सिंगर सलीम मर्चेंट ने सोशल मीडिया पर की। उन्होंने लिखा, साजिद-वाजिद फेम मेरे भाई वाजिद के निधन के समाचार से मुझे गहरा आघात लगा है। भाई, तुम बहुत जल्दी गए। यह हमारी बिरादरी के लिए बहुत बड़ा झटका है। मैं टूट गया हूं। 

कोरोनावायरस महामारी के बीच बॉलीुवड में पहले ही ऋषि कपूर, इरफान खान और मोहित बघेल कैंसर की लड़ाई लड़ते हुए इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। वहीं रविवार रात सिर्फ 42 वर्षीय आई वाजिद खान के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर कई हस्तियों और बॉलीवुड कलाकारों ने शोक जताया है।

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने वाजिद खान के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा है, दुखद समाचार। एक बात जो मुझे हमेशा याद रहेगी वो है वाजिद भाई की हंसी। हमेशा मुस्कुराते रहते थे। बहुत जल्द चले गए। उनके परिवार और शोक व्यक्त करने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदना। आपकी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त।

   
वहीं गायिका मालिनी अवस्थी ने ट्वीट किया, ये चौंकाने वाली खबर है!!!! अविश्वसनीय! वाजिद खान चले गए……क्या हो रहा है! दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करती हूं।

गायिका हर्षदीप कौर ने भी शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, वाजिद खान जी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। अभी भी यह विश्वास नहीं हो रहा है कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहे। हमेशा उन्हें मुस्कुराते हुए और अपने आस-पास खुशी बिखेरते देखा है। संगीत उद्योग को भारी नुकसान हुआ है।

गायककार सोनू निगम ने साजिद-वाजिद के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा है, मेरे भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

My Brother Wajid left us.

A post shared by Sonu Nigam (@sonunigamofficial) on

वहीं सिंगर मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए शोक जताया। उन्होंने लिखा, हम सभी के लिए बहुत दुखद समाचार। सबसे प्रतिभाशाली गायक और संगीतकार जिन्होंने इतने हिट दिए हैं मेरे बड़े भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे।

अभिनेत्री परिणीत चोपड़ा ने शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, वाजिद भाई आप सबसे अच्छे इंसान थे। हमेशा मुस्कुराते रहते थे। हमेशा गाते रहते थे। उनके साथ हर संगीत सत्र यादगार रहा। आप सच में बहुत याद किए जाएंगे वाजिद भाई।

वहीं वरुण धवन ने ट्वीट करते हुए लिखा, वाजिद खान भाई मेरे और मेरे परिवार के बेहद करीब थे। वह आसपास रहने वाले सबसे सकारात्मक लोगों में से एक थे। हम आपको याद करेंगे वाजिद भाई। संगीत के लिए धन्यवाद।

Created On :   1 Jun 2020 2:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story