आग: अमरावती में सिलेंडर लीक होने सेे घर में लगी आग , एक ही परिवार के 9 लोग झुलसे

अमरावती में सिलेंडर लीक होने सेे घर में लगी आग , एक ही परिवार के 9  लोग झुलसे
  • अंजनगांव सुर्जी में दर्दनाक हादसा 4 बच्चे चपेट में आते देख मां छत से कूद पड़ी
  • अफरा-तफरी का माहौल

डिजिटल डेस्क, अंजनगांव सुर्जी (अमरावती)। शहर के बुधवारा परिसर में सोमवार दोपहर को घर में रखे अतिरिक्त सिलेंडर से लीक हुई गैस से लगी आग में एक ही परिवार के 9 लोग झुलस गए। 4 बच्चों को भी आग की चपेट में आता देख मां ने पहली मंजिल की छत से छलांग लगा दी। इस कारण यह महिला बुरी तरह घायल हो गई। झुलसे परिजनों को प्राथमिक उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें छत से कूदने वाली महिला निकिता गौर (30) की हालत गंभीर है।

पड़ोसियों की मदद से जनहानि टली : प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बुधवारा परिसर निवासी शिवा चिन्ना गौर के घर के पुरुष सदस्य व्यवसाय के कामकाज से बाहर गए थे। घर में महिलाएं व बच्चे ही थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व इस परिवार ने अतिरिक्त गैस सिलेंडर घर के दूसरे कमरे में रखा था। उसी अतिरिक्त सिलेंडर से गैस लीक होकर पूरे घर में फैल गई। सोमवार को महिलाओं ने भोजन बनाने के लिए जैसे ही घर की गैस जलाने का प्रयास किया, पहले ही पूरे घर में फैली गैस ने आग पकड़ ली। परिणाम स्वरूप पूरा घर ही आग की चपेट में आ गया। आग से झुलसने के कारण चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने तत्काल घर के झुलसे लोगों को बाहर निकालते हुए अस्पताल में भर्ती कराया।

3 से 12 वर्ष के 4 बच्चे झुलसे

इस हादसे में घायलों में 3 से 12 साल की उम्र के 4 बच्चों का भी समावेश है। इनमें हंसिका संतोष गौर (12), आयुष अक्षय गौर (3),पीयूष अक्षय गौर (6 वर्ष), हंसिका मनीष गौर (6) का समावेश है। घायलों में निकिता गौर की हालत गंभीर बताई जाती है। आग में घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया।

छत से कूदी मां : गैस सिलेंडर के लीकेज के कारण लगी आग में अपने बच्चों को झुलसते देखकर मां निकिता गौर छत से सीधे नीचे कूद गई। इससे उसेे सबसे अधिक चोट लगी। महिला की हालत गंभीर है। ग्रामीण अस्पताल में प्रथमोपचार करने के बाद उसे अचलपुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में गैस एजेंसी की लापरवाही को लेकर भी तीव्र नाराजी व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर ही है।

तीन बुजुर्ग महिलाओं सहित नौ झुलसे : हादसे में पड़ोसियों ने तत्काल भागदौड़ कर बड़ी जनहानि टल गई। हादसे में झुलसे एक ही परिवार के सदस्यों भारती शिवा गौर (50), गंगाबाई रामलाल गौर (70), उमा लखन गौर (50), निकिता अक्षय गौर (30), ममता संतोष गौर (35), हंसिका संतोष गौर (12), आयुष अक्षय गौर (3),पीयूष अक्षय गौर (6 वर्ष), हंसिका मनीष गौर (6) सहित 9 लोग घायल हुए। अस्पताल में वैद्यकीय अधिकारी डॉ. अमोल नालट, डॉ. तरूण पटेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल उपचार किया। इसमें से निकिता अक्षय गौर की हालात चिंताजनक होने की जानकारी डॉ. अमोल नालट ने दी। उसे िनजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह महिला अपने परिवार के 4 बच्चों को आग की चपेट में देखकर घबराते हुए छत से कूद पड़ी। उसकी हालत गंभीर है।


Created On :   16 April 2024 9:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story