खरीदी-बिक्री: किसानों को राहत, 31 मार्च तक बढ़ी समर्थन मूल्य धान खरीदी योजना की अवधि

किसानों को राहत, 31 मार्च तक बढ़ी समर्थन मूल्य धान खरीदी योजना की अवधि
  • आनलाइन पंजीयन करा रहे किसान
  • सरकारी धान खरीदी केंद्रों में बेचने का आह्वान
  • निजी व्यापारियों के चलते हो रहा सरकार का नुकसान

डिजिटल डेस्क, देसाईगंज (गड़चिरोली)।सरकार ने खरीफ सीजन की समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना की समयावधि 31 मार्च 2024 तक बढ़ा दी है। सरकार द्वारा धान उत्पादक किसानों को अपना माल सरकारी धान खरीदी केंद्रों में बेचने का आह्वान किया गया है जिसके अनुसार जिले की सभी तहसीलों में किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन किया। लेकिन खरीफ पणन सत्र 2023-24 में किसानों द्वारा अपेक्षित मात्रा में सरकारी महामंडलों को धान बिक्री न करने की वजह से गोदाम खाली पड़े हैं।

जिले के कुछ किसानों ने अभी तक सरकारी महामंडलों को धान की बिक्री नहीं की है। किसानों की हित की बात को लेकर आरमोरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णा गजबे ने निरंतर प्रयास कर खरीफ सीजन की समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना की समयावधि बढ़ाने की मांग की थी। उनकी मांगों को ध्यान में लेते हुए सरकार ने खरीफ सीजन की समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना की समयावधि 31 मार्च 2024 तक बढ़ाई है, ऐसा शासन निर्णय जारी किया गया है। सरकारी समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना के तहत किसानों को ऑनलाइन पंजीयन कर धान की बिक्री करनी पड़ती है।

धान की बिक्री करने के बाद समर्थनमूल्य के हिसाब से किसान के खाते में रकम अदा की जाती है और किसानों का बाेनस भी ऑनलाइन बैंक के खाते में जमा किया जाता है जिससे किसानों द्वारा बिक्री किए गए उनके कृषिमाल बिना भ्रष्टाचार के सही दाम मिलता है। 29 फरवरी को समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना की समयावधि खत्म होनेवाली थी। इस बात को लेकर कुछ किसान नाराज थे। तो आरमोरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णा गजबे के प्रयासों से अब समर्थनमूल्य धान खरीदी योजना की समयावधि सरकार द्वारा 31 मार्च 2024 तक बढ़ाई गई है।


Created On :   1 March 2024 10:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story