खरीदी-बिक्री: गड़चिरोली में 53 केन्द्रों में अब तक खरीदा गया 8 लाख 28 हजार क्विंटल धान

गड़चिरोली में 53 केन्द्रों में अब तक खरीदा गया 8 लाख 28 हजार क्विंटल धान
  • 40 हजार 906 किसानों ने ई-फसल पर किया पंजीयन
  • एकाधिकार धान खरीदी योजना के तहत होती है खरीदी
  • जिलेभर में कुल 54 खरीदी केंद्र शुरू किए

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। राज्य सरकार ने ई-फसल में पंजीयन करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 20 हजार बोनस देने का फैसला लिया है। इस संदर्भ में सोमवार, 26 फरवरी को ही सरकारी आदेश जारी किया गया है। इसका लाभ गड़चिरोली जिले के पंजीकृत 25 हजार 776 किसानों को मिलने वाला है। इन किसानों ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में अब तक 8 लाख 28 हजार 103 क्विंटल धान की बिक्री की है। उल्लेखनीय है कि, धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होने के बाद जिलेभर के 40 हजार 906 किसानों ने ई-फसल पर अपना पंजीयन किया था। लेकिन इनमें से 25 हजार 776 किसानों ने ही केंद्रों में धान की बिक्री की है।

राज्य सरकार के आदिवासी विकास महामंडल की ओर से हर वर्ष एकाधिकार धान खरीदी योजना के तहत किसानों से धान खरीदा जाता है। इस वर्ष धान खरीदी की प्रक्रिया के लिए जिलेभर में कुल 54 खरीदी केंद्र शुरू किए गए। इनमें से प्रत्यक्ष रूप में 53 केंद्रों पर खरीदी की प्रक्रिया की गयी। जिले के 13 हजार 758 आदिवासी किसानों ने 95 करोड़ 64 लाख 57 हजार 546 रुपए का 4 लाख 38 हजार 139 क्विंटल धान की बिक्री की है। वहीं 12 हजार 18 गैरआदिवासी किसानों ने अब तक 85 करोड़ 12 लाख 92 हजार 940 रुपए का 3 लख 89 हजार 964 क्विंटल धान की बिक्री केंद्रों पर की है।

आदिवासी और गैरआदिवासी किसान मिलाकर 25 हजार 776 किसानों ने अब तक 180 करोड़ 77 लाख 50 हजार 486 रुपए का 8 लाख 28 हजार 103 क्विंटल धान की बिक्री की है। धान खरीदी प्रक्रिया के शुरुआती दिनों में ही राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों के लिए बोनस की घोषणा की थी। लेकिन अब तक इसका अधिकृत शासनादेश जारी नहीं किया गया था। इस कारण किसानों में मायूसी दिखायी दे रही थी। लेकिन साेमवार, 26 फरवरी को बोनस के संदर्भ में अधिकृत शासनादेश जारी होने से किसानों में हर्ष व्यक्त होने लगा है। सरकारी आदेश के अनुसार किसानों काे प्रति हेक्टेयर 20 हजार रुपए का बोनस मिलेगा।

Created On :   28 Feb 2024 9:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story