भाजपा-कांग्रेस के बीच आप की एंट्री, दिल्ली और पंजाब के नेताओं ने संभाला मोर्चा

भाजपा-कांग्रेस के बीच आप की एंट्री, दिल्ली और पंजाब के नेताओं ने संभाला मोर्चा
आम आदमी पार्टी (आप) भी जोरदार तरीके से एंट्री करने की तैयारी में है

डिजिटल डेस्क,कटनी।

राजनीतिक दल अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं। वैसे तो जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच ही सीधा मुकाबला होता रहा है पर इस बार आम आदमी पार्टी (आप) भी जोरदार तरीके से एंट्री करने की तैयारी में है। भाजपा-कांग्रेस के प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के लगातार दौरों के बीच ‘आप’ के दिल्ली और पंजाब के नेताओं ने यहां आ कर मोर्चा संभाल लिया है। बीते गुरुवार को ‘आप’ ने शहर में ‘बदलाव यात्रा’ निकाली, जिसका नेतृत्व पंजाब के विधायक सरदार दिनेश चड्ढा ने किया। इधर ‘आप’ के स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता दिल्ली व पंजाब सरकारं की उपलब्धियां बताकर जमीन तलाश रहे हैं।

आदिवासियों को साधने की होड़

सभी राजनीतिक दलों में आदिवासियों को साधने की होड़ लगी है। विश्व आदिवासी दिवस पर जिला मुख्यालय में आदिवासी समाज ने रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस नेताओं ने आदिवासी मोहल्लों में पहुंचकर जनसम्पर्क किया। सीधी कांड के बाद सत्ता पक्ष द्वारा आदिवासियों की नाराजगी दूर करने हर तरह से प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं विपक्ष नाराजगी को भुनाने में लगा है।

एक मंच पर आई शहर कांग्रेस की टीम

विधानसभा चुनाव में दो-दो हाथ करने ग्रामीण कांग्रेस ने पहले ही जम्बो कार्यकारिणी बना दी थी। बीते दिवस शहर कांग्रेस ने पदाधिकारियों की घोषणा कर टीम तैयार कर दी है। अगस्त क्रांति दिवस एवं विश्व आदिवासी दिवस पर शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। इस टीम में तीन वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 27 उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, एक प्रवक्ता, 33 महामंत्री, 35 सचिव नियुक्त किए गए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम खम्परिया ने इस कार्यक्रम में सभी नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। इसी एकता पर कांग्रेस का चुनावी भविष्य टिका है। देखना यह है कि टिकट वितरण के दौर में यह एकता छिन्न-भिन्न न हो जाए।

भाजपा संगठन ने दिया टास्क

भाजपा के प्रदेश संगठन ने कैम्पेन थीम, ‘फिर एक बार-भाजपा सरकार’ में मंडल एवं शक्ति केन्द्र स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए विधानसभा चुनाव में जीत तय करने टास्क दिया है। कार्यकर्ताओं को रोज 200 लोगों को फोन कॉल करना है। इनमें 50 प्रतिशत आमजन, शासकीय कर्मचारी होंगे। वोटर के घर जाकर चाय पीना है। टू व्हीलर, फोर व्हीलर वाले कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार करना है, ताकि रैली के समय वाहनों की व्यवस्थाएं कराई जा सके। बाइक एवं चार पहिया वाहन में कमल का निशान लगाना है। यह सभी टॉस्क 10 दिन में पूरे करना होंगे।

Created On :   12 Aug 2023 8:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story