मुगल शासक औरंगजेब के समर्थन में वॉट्सएप स्टेट्स लगाने को लेकर भड़की हिंसा

मुगल शासक औरंगजेब के समर्थन में वॉट्सएप स्टेट्स लगाने को लेकर भड़की हिंसा
  • कोल्हापुर में सोशल मीडिया पर औरंगजेब का विवादित पोस्ट लगाने पर बवाल
  • हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन
  • मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोल्हापुर में मुगल शासक औरंगजेब के समर्थन में वॉट्सएप स्टेट्स लगाने को लेकर बुधवार को हिंसा भड़क गई। औरंगजेब का पोस्ट लगाने के खिलाफ हिंदुवादी संगठन शहर के शिवाजी चौक में सड़क पर उतर गए। पुलिस ने भीड़ को तितर- बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया। इससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि दोपहर तक पुलिस और जिला प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया। दरअसल गत 6 जून को औरंगजेब पर विवादित पोस्ट को लेकर हिंदुवादी संगठनों ने बुधवार को कोल्हापुर बंद का आह्वान किया था। इसके तहत विभिन्न संगठनों के लोग सड़कों पर आए और मोर्चा की अनुमति मांगने लगे। पुलिस की ओर से मोर्चे की अनुमति न दिए जाने से नाराज आंदोलनकारी हंगामा करने लगे।

महेंद्र पंडित, पुलिस अधीक्षक, कोल्हापुर के मुताबिक हमने दो मामलों में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। कुछ संगठनों के लोग कोल्हापुर बंद के आह्वान पर एक जगह जुट गए थे। लेकिन जब ये लोग जाने लगे, तो किसी ने पथराव किया। इससे वहां खड़े वाहनों को नुकसान हुआ है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं।

हिंसा की घटना के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं, विपक्ष ने सत्तारूढ़ भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) पर लोगों को उकसाने का आरोप लगाया। इस पर उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया।

सरकार माहौल बिगाड़ने वालें का पता लगा लेगी: फडणवीस

नागपुर में फडणवीस ने कहा कि राज्य के कुछ जिलों में अचानक औरंगजेब की इतनी औलाद कहां से पैदा हो गई हैं। नए पैदा होने वाले औरंगजेब की औलादों के पीछे कौन है? इसकी जांच करके पता लगा लिया जाएगा। हम किसी भी परिस्थिति में औरंगजेब की औलाद को नहीं छोड़ेंगे। कोल्हापुर में स्थिति अब पूरी तरह से काबू में आ गई है। फडणवीस ने कहा कि कोई औरंगजेब का महिमा मंडन करेगा तो लोगों में गुस्सा स्वभाविक है। लेकिन किसी को कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए। हम लोग इसका समर्थन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों का पता लगा लेगी।

जानबूझकर दंगा कराने की कोशिश की जा रही: शरद पवार

छत्रपति संभाजीनगर में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि कोल्हापुर में औरंगजेब को लेकर पोस्ट करना गलत है। लेकिन उसके लिए सड़कों पर उतकर घटना को धार्मिक रंग देना उचित नहीं है। मगर प्रदेश में सत्ताधारी दल भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) ऐसी घटनाओं को प्रोत्साहन देने का काम कर रहा है। पवार ने कहा कि सरकार चलाने वालों की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने की है। यदि सत्ताधारी दल के लोग सड़कों पर उतरने लगेंगे, तो दो समुदायों के बीच कटुता पैदा होगी। यह अच्छा लक्षण नहीं है। पवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जानबुझकर दंगा कराने की कोशिश की जा रही है।

सरकार जांच के लिए पुलिस को खुली छूट दे: अजित पवार

विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने कहा कि राज्य में औरंगजेब का समर्थन कोई नहीं कर सकता है। लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सरकार है। आगामी चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक फायदे के लिए कानून व्यवस्था बिगाड़ने का काम कुछ शक्तियां कर रही हैं। इसलिए सरकार को जांच के लिए पुलिस को खुली छूट देनी चाहिए।

फडणवीस को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए- पटोले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य के गृह मंत्री फडणवीस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरे तरह से नाकाम हो गए हैं। इसलिए फडणवीस को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। पटोले ने कहा कि शिंदे-फडणवीस सरकार में औरंगजेब का महिमा मंडन किया जा रहा है। लेकिन औरंगजेब का महिमा मंडन करने वाले अभी बिल से कैसे बाहर निकले हैं? कट्टरपंथी ताकतें अहमदनगर के बाद अब कोल्हापुर में माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में राज्य के गृह मंत्री क्या कर रहे हैं?



Created On :   7 Jun 2023 3:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story