आस्था: मुंबई से चलेगी आस्था से अयोध्या ट्रेन , रोजाना रवाना होगी 2 गाड़ियां

मुंबई से चलेगी आस्था से अयोध्या  ट्रेन ,  रोजाना रवाना होगी 2 गाड़ियां
  • हर दूसरे दिन जाएगी दो अतिरिक्त ट्रेन
  • रेलवे और आईआरसीटीसी की तैयारी

सुजीत गुप्ता, मुंबई । 22 जनवरी को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद राम लला का दर्शन को आतुर भक्तों के दर्शन का सिलसिला शुरू होगा। ऐसे में देश के हर राज्य से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर ने बनाई है। रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार ने मुंबई से "आस्था से अयोध्या’ नामक ट्रेन चलाने की तैयारी की है। यह ट्रेन मुंबई से शुरू होगी और सीधे अयोध्या रुकेगी। इस ट्रेन का परिचालन रेलवे विभाग कराएगा जबकि इसमें खानपान का जिम्मा आईआरसीटीसी को दिया गया है।

डेढ-दो माह तक रेगुलर चलेगी ट्रेन : रेलवे सूत्रों का कहना है कि मुंबई से रोजाना दो विशेष "आस्था से अयोध्या’ ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा सप्ताह में दो दिन दो विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी। विशेष ट्रेनों के चलाने का यह सिलसिला करीब एक से डेढ़ महीने तक चलेगा। प्रत्येक ट्रेन में 800 से 1,000 यात्री सीधे मुंबई से अयोध्या जाएंगे। इन विशेष ट्रेनों से सप्ताह में 14 से 20 हजार यात्री मुंबई से अयोध्या नगरी पहुंचेंगे। इन ट्रेनों को चलाने का सिलसिला 24 जनवरी 2024 से शुरू होगा।

36 से अधिक विशेष ट्रेन चलाने की है योजना : बता दें कि इससे पहले मुंबई भाजपा अध्यक्ष अशीष शेलार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक विशेष ट्रेन मुंबई से अयोध्या के बीच चलाने की घोषणा की थी। मुंबई में विधानसभा की 36 सीटें हैं। ऐसे में 36 से अधिक विशेष ट्रेनें अयोध्या के लिए मुंबई से चलाई जाएंगी। इसके अलावा गिरगांव सहित दूसरे इलाकों के बुजुर्ग नागरिकों के लिए अलग से ट्रेन भेजने का प्रबंध करने की भी योजना है। बुजुर्गों को अयोध्या दर्शन कराने के लिए प्रदेश के कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा और विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर की मदद ली जाएगी।

बस सेवा भी, लेकिन महंगी : मुंबई से अयोध्या जाने के लिए बस सर्विस भी हैं लेकिन इसमें काफी वक्त लगता है। यहां के लिए एसी स्लीपर वाली बसें मिल सकती हैं, जिसके लिए 3999 रु प्रति व्यक्ति का टिकट खर्च करना पड़ेगा। सरकारी और प्राइवेट दोनों में बस सर्विस मिलेंगी लेकिन इसके लिए आपको काफी टाइम भी खर्च करना पड़ेगा।

Created On :   6 Jan 2024 2:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story