विवाद: वाहन को कट लगने से विवाद , मोमिनपुरा में दो गुट आमने-सामने आने से तनाव की स्थिति

वाहन को कट लगने से विवाद , मोमिनपुरा में दो गुट आमने-सामने आने से तनाव की स्थिति
  • एक गुट ने बंदूक निकाली, तो दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई
  • बंदूक छीनकर फरार हो गए आरोपी
  • पुलिस पहुंचने के पहले ही गायब हो गए सभी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तहसील थाना क्षेत्र के मोमिनपुरा इलाके में सोमवार को देर रात वाहन को कट लगने पर हुए विवाद में मोमिनपुरा और हसनबाग के दो गुट आमने-सामने आ गए। चर्चा है कि, एक गुट ने बंदूक निकाली, तो दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। एक गुट, दूसरे गुट की बंदूक छीनकर फरार हो गया। हालांकि, तहसील के थानेदार संदीप बुवा का कहना है कि, इस मामले में वाहन को कट लगने की बात सामने आई थी। बंदूक (हथियार) निकालने की बात कितनी सच है, यह सामने आ जाएगा। हथियार निकालने की बात सही निकली, तो प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल कोई इस मामले में शिकायत दर्ज कराने सामने नहीं आया है। चर्चा है कि, घटना के समय कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

पुलिस पहुंचने के पूर्व दोनों गुट के लोग गायब हो गए : सूत्रों के अनुसार सोमवार को रात करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच मोमिनपुरा में अरबाज नामक युवक का वाहन, हसनबाग के एक युवक के वाहन से टकरा गया। इस बात को लेकर मोमिनपुरा में दो गुट आमने-सामने आ गए। मोमिनपुरा क्षेत्र के गुट ने हथियार निकाल लिए, तो परिसर में तनावपूर्ण माहौल हो गया। कुछ जागरूक नागरिकों ने तुरंत तहसील पुलिस को सूचना दे दी।

थाने के दो बीट मार्शल मौके पर पहुंचे। परिसर में भीड़ देखकर दोनों ने नाइट ऑफिसर उपनिरीक्षक मादेवार को सूचित किया। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस के अतिरिक्त जवान पहुंचे, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले ही दोनों गुट के लोग वहां से गायब हो गए थे। रात को मोमिनपुरा में इस तरह की घटना होने पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि, बड़ी अनहोनी टल गई। क्षेत्र के कुछ आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी दिन मोमिनपुरा या हसनबाग परिसर में बड़ी घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

वर्क आउट कर रहा डीबी स्क्वॉड : थानेदार संदीप बुवा का कहना है कि, थाने का डीबी स्क्वॉड इस मामले में वर्क आउट कर रहा है। परिसर में फुटेज खंगाल रहा है। पुलिस पूरी तरह चौकन्नी होकर छानबीन कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि, हसनबाग केे कौन लोग मोमिनपुरा गए थे।

Created On :   24 April 2024 9:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story