विवाद: मुर्गा लड़ाई का अड्डा चलाने वाले हुए अंडरग्राउंड, पुलिस तलाशने में जुटी

मुर्गा लड़ाई का अड्डा चलाने वाले हुए अंडरग्राउंड, पुलिस तलाशने में जुटी
  • फुटाला के जंगल में जुआ व मुर्गा लड़ाई अड्डा का मामला
  • अड्डे पर घातक शस्त्र निकलने के बाद हुए भूमिगत
  • दो गुट आमने-सामने आने बढ़ा विवाद

डिजिटल डेस्क, नागपुर । फुटाला के जंगल में गत दिनों जुआ व मुर्गा लड़ाई अड्डा परिसर में दो गुट आमने-सामने आने का मामला उजागर होने पर अब हर कोई अपना दामन बचाने के जुगाड़ में लग गया है। सूत्रों के अनुसार जुआ व मुर्गा लड़ाई का अड्डा चलाने वाले लोग भूमिगत हो गए हैं। उधर पुलिस विभाग के एक आला अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि, इस मामले की जांच शुरू की गई है। इस मामले में जुड़े लोग चाहे जहां भी जाकर छिप जाएं, पुलिस उन्हें खोज निकालेगी।

इस बार सभी नपेंगे : यह मुर्गा लड़ाई का अड्डा लंबे समय से संचालित हो रहा था। गत बुधवार को इस अड्डे पर घातक शस्त्र निकलने के बाद भूमिगत हुए लोगों में पंकज, भल्ला, भारत, सतीश, सहारे, विजू, अमरेश, पुरस्या, भीकू, प्रशांत, भुरया, भतीजा साहब, राकेश सहित कई नाम पुलिस के पास पहुंचे हैं, इनमें कोई जुआ और कोई मुर्गा अड्डा चलाने का काम करता है। अब इनकी खोजबीन की जा रही है। इनमें से कई लोगों के पास खुद के कत्ती के मुर्गे हैं, जिन पर यह खुद भी दांव लगाते हैं। इस मामले को वरिष्ठ अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया है। इस बार उक्त सभी लोग नपेंगे।

मददगार पुलिसकर्मियों के नाम वरिष्ठों तक पहुंचे : इनके मददगार कुछ पुलिसकर्मियों के नाम भी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने की जानकारी है, जिसमें तीन थानों के डीबी स्क्वॉड के कुछ कर्मचारियों का समावेश है। जंगल में चलने वाले इन अड्डों पर युवाओं को जुआ और दांव लगाने की लत लगाने से उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। गौरतलब है कि पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंघल ने पहले ही साफ कह दिया है कि, किसी कर्मचारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने अब तक जब्त किए 46 शस्त्र : आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस का विशेष अभियान शुरू है। इस अभियान के तहत अब तक पुलिस ने एक सप्ताह में भारतीय शस्त्र अधिनियम अंतर्गत 46 शस्त्र जब्त किए हैं, जिसमें 5 पिस्तौल व 9 जीवित कारतूस भी शामिल हैं। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंघल के आदेश पर 32 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 43 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 26 चाकू, 1 कोयता, 4 तलवारें व एक भाला जब्त किया गया है।

Created On :   26 March 2024 7:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story