जांच: सना खान की हत्या वाली जगह से मिले और खून के धब्बे , पुलिस तफ्तीश में जुटी

सना खान की हत्या वाली जगह से मिले और खून के धब्बे , पुलिस तफ्तीश में जुटी
  • हत्याकांड में नया मोड़ आने से पुलिस के लिए चुनौती
  • तह तक जाने के लिए कड़ी तलाश रही पुलिस
  • अब तक सना का शव नहीं हुआ बरामद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा नेता सना खान की हत्या वाली जगह से और खून के धब्बे जांच टीम को मिले हैं। घटित प्रकरण में नया मोड़ आने से पुलिस के लिए यह रहस्य किसी चुनौती से कम नहीं है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय भाजपा नेता सना खान की हत्या उसके पति रेत व शराब तस्कर अमित शाहू ने साथियों की मदद से की थी। उसके बाद उसका शव नदी में फेंक दिया गया था।

बना रहस्य, यह खून के दाग किसके हैं : जांच के दौरान पुलिस ने अमित और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन शव बरामद नहीं होने से पुलिस की दो टीमें जबलपुर में ही मामले की जांच-पड़ताल कर रही थीं। इस बीच फॉरेंसिक विभाग ने जिस स्थान पर सना की हत्या की गई थी, वहां से खून के धब्बोें के नमूने लिए थे। अब जांच में खुलासा हुआ है कि उन धब्बों में सना के साथ और दो व्यक्तियों के खून के धब्बे हैं। यह खून िकसके हैं, इस रहस्य से पर्दा उठाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।

दो गुट भिड़े: हत्या का बदला लेने किया हमला : पांचपावली थानांतर्गत हुई हत्या को लेकर मृतक व आरोपी के समर्थक आपस में भिड़ गए। एक को चाकू घोंपा दिया गया। शुक्रवार को दिनदहाड़े पुराने वीसीए चौक में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। घटना का पता चलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। समाचार लिखे जाने तक प्रकरण दर्ज होना बाकी था।

हमले में जख्मी एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती :करीब सप्ताह भर पहले पांचपावली थाना क्षेत्र में अभिषेक उर्फ भांजा नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन से चार आरोपियों को पकड़ा गया था। शुक्रवार को आरोपियों की रिमांड अवधि खत्म होने पर उन्हें कोर्ट ले जाया गया था। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में मृतक व आरोपियों के िमत्र व रिश्तेदार भी पहुंचे, लेकिन अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया। पश्चात दोनों गुटों के लोग भी घर रवाना हुई।

शाम करीब 5.30 से 6 बजे पुराने वीसीए चौक में डॉली चाय की टपरी के पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए और उनमें विवाद हो गया। अभिषेक की मौत का बदला लेने की चेतावनी दी जाने लगी। इस दौरान दोनों गुट आपस में भिड़ गए और मंगेश नामक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में संजय उर्फ गोलू गजानन सिन्हा नामक व्यक्ति घायल हो गया। और भी लोग मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। घटना का पता चलते ही जोन क्र.-2 के उपायुक्त राहुल मदने सदल-बल मौके पर पहुंचे। जख्मी संजय को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस प्रकरण में परिसर में गैंगवार भड़कने की आशंका व्यक्त की जा रही है। सूत्रों के अनुसार मृतक के मित्र व रिश्तेदार कोर्ट में आरोपियों को जान से मारने की नीयत से पहुंचे थे, लेकिन इसके पहले अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया।

Created On :   17 Feb 2024 10:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story