राजनीति: साढ़े 4 साल में 2 करोड़ 91 लाख बढ़ी विकास ठाकरे परिवार की संपत्ति, शपथ पत्र में दी जानकारी

साढ़े 4 साल में 2 करोड़ 91 लाख बढ़ी विकास ठाकरे परिवार की संपत्ति, शपथ पत्र में दी जानकारी
  • परिवार पर कर्ज का बोझ भी बढ़ा
  • डेढ़ दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हुए
  • कई मामलों में वे बरी हो चुके

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार विधायक विकास ठाकरे परिवार की संपत्ति में पिछले साढ़े चार साल में 2 करोड़ 91 लाख से ज्यादा की वृद्धि हुई है। विधायक ठाकरे ने मंगलवार को नामांकन दाखिल करते समय जिला निर्वाचन कार्यालय में जो प्रतिज्ञा पत्र दिया, उसमें यह सारी जानकारी उपलब्ध है।

किसी मामले में सजा नहीं : विकास ठाकरे पर शहर के कई पुलिस थानों में विविध धाराओं के तहत डेढ़ दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हुए थे। कोर्ट से उन्हें अभी तक एक भी मामले में सजा नहीं हुई है। मोर्चा निकालना, प्रदर्शन -नारेबाजी, शासकीय काम में हस्तपेक्ष व ट्रेन रोकने के प्रयास जैसे मामले दर्ज हुए थे। कई मामलों में वे बरी हो चुके है।

स्नातक तक पढ़ाई : नागपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार विधायक विकास ठाकरे वाणिज्य स्नातक हैं। धरमपेठ कालेज से उनकी पढ़ाई हुई है। धरमपेठ कॉलेज से 12 वीं पास होने के बाद 1989 में उन्होंने इसी कालेज से बी. कॉम की पढ़ाई पूरी की।

शपथ पत्र में पूरी जानकारी यह हैं : विकास ठाकरे ने कांग्रेस की टिकट पर 2019 में पश्चिम नागपुर विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा आैर वे निर्वाचित हुए थे। 2019 में जिला निर्वाचन कार्यालय में जो प्रतिज्ञा पत्र दिया था, उस वक्त ठाकरे परिवार की संपत्ति (चल-अचल) 6 करोड़ 54 लाख 12 हजार 43 रुपए थी।

मंगलवार को दिए प्रतिज्ञा पत्र में ठाकरे परिवार की चल-अचल संपत्ति बढ़कर 9 करोड़ 45 लाख 37 हजार 481 रुपए बताई गई है। पिछले साढ़े चार साल में ठाकरे परिवार की संपत्ति में 2 करोड़ 91 लाख 25 हजार 438 रुपए की वृद्धि हुई है।

ठाकरे परिवार पर संपत्ति के साथ कर्ज का बोझ भी बढ़ गया है। 2019 में 1 करोड़ 15 लाख 69 हजार 178 रुपए कर्ज था। यह कर्ज बढ़कर अब 2 करोड़ 92 लाख 58 हजार 69 रुपए हो गया है।

विधायक विकास ठाकरे के पास 121 ग्राम सोना है। इसकी कीमत 4 लाख 65 हजार 800 रुपए बताई गई है। पत्नी के पास 413 ग्राम सोना है। इसका मूल्य 14 लाख 52 हजार रुपए है। इसके अलावा वाहन व बचत मिलाकर कुल 1 करोड़ 29 लाख 65 हजार 185 रुपए की संपत्ति है।

पत्नी के पास 1 करोड़ 42 लाख 9 हजार 629 रुपए की संपत्ति है। विकास ठाकरे के नाम से 69 लाख 10 हजार की अचल संपत्ति है। पत्नी के नाम से 6 करोड़ 66 लाख 71 हजार 667 रुपए की अचल संपत्ति है।

विकास ठाकरे पर 1 करोड़ 51 लाख 41 हजार 813 रुपए का कर्ज है। पत्नी पर 1 करोड़ 41 लाख 16 हजार 256 रुपए का कर्ज है।

Created On :   27 March 2024 6:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story