नवी मुंबई: तलोजा में बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज, नहीं मिला परिवारों को आशियाना

तलोजा में बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज, नहीं मिला परिवारों को आशियाना
  • 1800 लोगों ने खरीदे घर
  • तलोजा में बिल्डर से परिवारों को आशियाना नहीं मिला
  • ईओडब्ल्यू कर रही जांच

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नवी मुंबई के तलोजा पुलिस थाने में सुप्रीम कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट कंपनी के संचालकों (बिल्डर) के खिलाफ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 420 और 406) का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में मानुला मेहबुल्ला कांचवाला, ललित शाम टेकचंदानी, काजल ललित टेकचंदानी और अरुण हसानंद मखीजानी शामिल हैं। कंपनी के प्रोजेक्ट में घर खरीदने वाले गणेश कुंदन सिंह बिष्ट ने तलोजा पुलिस थाने में सोमवार को मामला दर्ज कराया। बिष्ट के साथ ही 160 परिवारों के साथ ठगी हुई है।

कुंदन ने पुलिस को बताया कि 2010 में वह अपनी पत्नी के साथ खारघर परिसर में नया घर तलाश रहे थे। इसी दौरान खारघर सेक्टर-10 में हेक्स ब्लॉक प्रोजेक्ट के बारे में पता चला और वह बिल्डर के कार्यालय पहुंचे। वहां हितेश नामक सेल्स एक्जीक्यूटिव ने घर दिखाया जिसकी कीमत 80 लाख रुपए थी। हालांकि उनका बजट 30 लाख रुपए था। तब उन्हें बताया गया कि 6 महीने बाद कंपनी बड़ी टाउनशिप परियोजना शुरू करनेवाली है, जिसमें 30 से 40 लाख रुपए में फ्लैट मिल जाएंगे।

160 लोगों की रकम फंसी

भरोसा करते हुए बिष्ट ने एक फ्लैट बुक कर दिया। इसके लिए 31 लाख रुपए चुकाए। पहले बताया गया कि घर 2014 में तैयार होगा। बाद में कहा गया कि फ्लैट 2017 में मिलेगा। लेकिन आज तक घर नहीं मिला है। इसी तरह की धोखाधड़ी 160 लोगों के साथ हुई है।

1800 लोगों ने खरीदे घर

बिष्ट सहित 160 लोगों ने बिल्डर के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया। बाद में पता चला कि बिल्डर कंपनी ने भूखंड की कीमत जमीन मालिक को नहीं चुकाई है। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। इसी वजह से परियोजना में देरी हो रही है। बिष्ट के मुताबिक टाउनशिप में करीब 1800 लोगों ने फ्लैट बुक किए हैं।

ईओडब्ल्यू कर रही जांच

तलोजा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अविनाश कलदाते ने बताया कि मामला नवी मुंबई आर्थिक अपराध शाखा-2 (ईओडब्ल्यू) के पास ट्रांसफर किया गया है। सामाजिक कार्यकर्त्ता मोहित कंबोज परेशान घर खरीदारों के साथ हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस ब्लैकमेलिंग के रैकेट को खत्म करने का समय आ गया है।

Created On :   17 Jan 2024 12:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story