लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण में 13 राज्यों में 1210 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव, बीरेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल

दूसरे चरण में 13 राज्यों में 1210 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव, बीरेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल
  • महाराष्ट्र में 8 संसदीय क्षेत्रों के लिए कुल 477 नामांकन
  • केरल में 20 सीटों के लिए 500 नामांकन भरे गए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके साथ उचाना से विधायक रहीं उनकी पत्नी प्रेमलता सिंह भी कांग्रेसी हो गईं। इसके पहले 10 मार्च को भाजपा सांसद व बीरेन्द्र सिंह के पुत्र बृजेन्द्र सिंह भी कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में चौ बीरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में उनकी यह घर वापसी है। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि उनका कांग्रेस में शामिल होना न सिर्फ घर वापसी है, बल्कि यह विचारधारा की भी वापसी है। उन्होंने भाजपा में रहते हुए किसानों के मुद्दे सुलझाने की काेशिश की, लेकिन भाजपा किसान हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वास्तविकता से कोसों दूर है। बता दें कि बीरेन्द्र सिंह पांच बार विधायक, तीन बार सांसद और केन्द्र में मंत्री रहे हैं।

दूसरे चरण में 13 राज्यों में 1210 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में महाराष्ट्र सहित 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1206 उम्मीदवारों के साथ-साथ बाहरी मणिपुर संसदीय सीट से 4 उम्मीदवार चुनाव लडेंगे। 26 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए इन राज्यों के 88 संसदीय क्षेत्रों के लिए कुल 2633 नामांकन दाखिल किए गए थे। दाखिल नामांकनों की जांच में 1428 नामांकन वैध पाए गए। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल थी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अप्रैल थी।

चुनाव आयोग के अनुसार दूसरे चरण में 88 संसदीय क्षेत्रों के लिए कुल दाखिल 2633 नामांकन पत्र में से 1428 वैध पाए गए। उम्मीदवारी वापसी के बाद संख्या 1206 रह गई। राज्यवार आंकडों के मुताबिक इस चरण में असम 61, बिहार 50, छत्तीसगढ़ 41, जम्मू-कश्मीर 22, कर्नाटक 247, केरल 194, मध्य प्रदेश 88, महाराष्ट्र 204, राजस्थान 152, त्रिपुरा 9, उत्तर प्रदेश 91 और पश्चिम बंगाल 47 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।

महाराष्ट्र में 8 संसदीय क्षेत्रों के लिए कुल 477 नामांकन

दूसरे चरण में महाराष्ट्र में 8 संसदीय सीटों बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम, हिंगोली, नांदेड़ और परभणी के लिए अधिकतम 477 नामांकन भरे गए। नामांकन पत्रों की जांच में 299 वैध पाए गए। उम्मीदवारी वापसी के बाद इन सीटों के लिए 204 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। आयोग के मुताबिक प्रदेश के नांदेड़ संसदीय क्षेत्र से सबसे अधिक 92 नामांकन प्राप्त हुए।

केरल में 20 सीटों के लिए 500 नामांकन भरे गए

दूसरे चरण में केरल में 20 लोकसभा सीटों के लिए अधिकतम 500 नामांकन किए गए हैं। इसके बाद कर्नाटक में 14 संसदीय क्षेत्रों से 491 नामांकन है।

पहले चरण में 21 राज्यों में 1625 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में 1625 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 1491 पुरुष उम्मीदवार और 134 महिला उम्मीदवार हैं। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।

Created On :   9 April 2024 2:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story