माननीय का सफर: सियासी अखाड़े के महारथी, कोई 9वीं तो कोई 8वीं बार लोकसभा पहुंचने बहा रहा पसीना

सियासी अखाड़े के महारथी, कोई 9वीं तो कोई 8वीं बार लोकसभा पहुंचने बहा रहा पसीना
  • 9वीं बार लोस में पहुंचेंगी मेनका गांधी
  • 8वीं बार संसद में पहुंचने जोर लगा रहे डॉ वीरेन्द्र
  • 11 बार लोकसभा में पहुंचे थे इंद्रजीत गुप्ता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, अजीत कुमार, सात चरणों में हो रहे 2024 लोकसभा चुनावों का पहला चरण संपन्न हो चुका है। 18वीं लोकसभा में पहुंचने के लिए वैसे तो हजारों उम्मीदवार मैंदान में हैं। लेकिन इनमें से कुछ नौवीं बार देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचने की तैयारी में हैं तो कुछ महारथी सातवीं-आठवीं मर्तबा ‘माननीय’ बनने के लिए पसीने बहा रहे हैं। हालांकि यह तय है कि लोकसभा में पहुंचने का कामरेड इंद्रजीत गुप्ता और पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के रिकॉर्ड की बराबरी करने की स्थिति में फिलहाल कोई सियासी सूरमा नहीं है।

…तो 9वीं बार लोस में पहुंचेंगी मेनका गांधी

पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी मौजूदा लोकसभा में सबसे अनुभवी सांसद हैं। 2019 में आठवीं बार चुनाव जीतकर वह लोकसभा में पहुंची थीं। 2024 में वो एक बार फिर सुल्तानपुर से मैंदान में हैं। अगर मेनका गांधी यह चुनाव जीतती हैं तो वह 9वीं बार लोकसभा में पहुंचेंगी। भाजपा नेता संतोष गंगवार का रिकॉर्ड भी मेनका के बराबर है। लेकिन पार्टी ने इस बार उन्हें ‘बेटिकट’ करके 9वीं बार सांसद बनने का सपना तोड़ दिया।

8वीं बार संसद में पहुंचने जोर लगा रहे डॉ वीरेन्द्र

लोकसभा में आठवीं बार पहुंचने के लिए इस बार जो चेहरे पसीना बहा रहे हैं, उनमें केन्द्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार और कांग्रेस सांसद के सुरेश का नाम शामिल है। डॉ कुमार को भाजपा ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से उम्मीदवार बनाया है तो लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक के सुरेश भी आठवीं बार संसद में पहुंचने के लिए केरल की मावेलिकारा से मैंदान में हैं।

कुलस्ते 7वीं बार पहुंचेंगे लोस!

लोकसभा में सातवीं बार पहुंचने के लिए भी कई महारथी सियासी अखाड़े में जमे हैं। इनमें राधामोहन सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते, पंकज चौधरी, भत्तृहरि महताब, टीआर बालू, रमेश जिगजिनागी, मनसुखभाई वसावा का नाम प्रमुखता से शामिल है। राधामोहन सिंह बिहार के मोतीहारी, फग्गन सिंह कुलस्ते मप्र के मंडला, पंकज चौधरी उप्र के महाराजगंज, भत्तृहरि महताब ओडिशा के कटक, रमेश जिगजिनागी कर्नाटक के बीजापुर और मनसुखभाई वसावा गुजरात के भरूच से उम्मीदवार हैं। छह बार लोकसभा में पहुंच चुके इन नेताओं की जिद 2024 में सातवीं बार संसद में पहुंचने की है। इस सूची में ब्रजभूषण शरण सिंह का नाम भी हैं, जो अभी अपनी उम्मीदवारी घोषित होने की प्रतीक्षा में हैं।

11 बार लोकसभा में पहुंचे थे इंद्रजीत गुप्ता

अब तक सबसे ज्यादा बार लोकसभा का चुनाव जीतने का रिकॉर्ड भाकपा नेता इंद्रजीत गुप्ता के नाम है। 1960 में पहली बार उपचुनाव जीतने वाले गुप्ता 11 बार लोकसभा में दस्तक दे चुके थे। उन्हें 1977 में सिर्फ एक हार मिली थी। इनके रिकॉर्ड की बराबरी फिलहाल मुश्किल है। निम्न सदन में 10-10 बार पहुंचने वाली शख्सियतों में पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी और कांग्रेस नेता पीएम सईद का नाम शामिल है।

Created On :   24 April 2024 1:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story