गर्व: सहायक पुलिस फौजदार के बेटे ने यूपीएससी परीक्षा में मारी बाजी, मिली सफलता

सहायक पुलिस फौजदार के बेटे ने यूपीएससी परीक्षा में मारी बाजी, मिली सफलता
  • पिंपरी चिंचवड़ की उद्योग नगरी के साथ-साथ पुलिस बल का बढ़ाया सम्मान
  • पुलिस फौजदार के बेटे ने यूपीएससी परीक्षा में मारी बाजी

डिजिटल डेस्क, पिंपरी चिंचवड़। पुलिस बल में काम करते वक्त अनिश्चितकालीन कामकाज के चलते कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवार और बच्चों की पढ़ाई की तरफ ध्यान नहीं दे पाते। हालांकि, ऐसी विषम परिस्थितियों में भी, पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के सहायक पुलिस फौजदार के बेटे ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 359वीं रैंक हासिल की। उनकी सफलता पर उनके परिवार और पुलिस बल सहित समस्त उद्योग नगरी अधिकारी-कर्मचारी गदगद हैं। शुभम भगवान थिटे ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सहायक फौजदार के बेटे का नाम है।

थिटे परिवार पुणे जिले शिरूर तहसील के केंदुर- पाबल गांव का रहने वाला है। शुभम के पिता भगवान थिटे पहले पुणे शहर पुलिस बल में कार्यरत थे। 1993 से थिटे परिवार वाकड पुलिस लाइन में रह रहा है। 2018 में पिंपरी-चिंचवड़ शहर के लिए स्वतंत्र पुलिस आयुक्तालय निर्माण के बाद भगवान थिटे पिंपरी- चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय में वर्ग हो गए। फिलहाल वह स्पेशल ब्रांच में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी वनिता एक गृहिणी हैं। पुलिस बल में काम करते वक्त अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवार को बहुत कम समय दे पाते हैं। बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पाते हैं। हालाँकि, भगवान थिटे ने अपना फर्ज निभाते हुए अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दिया और दोनों को उच्च शिक्षा दिलाई।

भगवान थिटे की बड़ी बेटी स्नेहल एक कंप्यूटर इंजीनियर और हिंजवड़ी आईटी पार्क की इंफोसिस कंपनी में कार्यरत हैं। बेटे शुभम ने इंजीनियरिंग तक पढ़ाई की। पिंपरी-चिंचवड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज, आकुर्डी से इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की लेकिन शुभम का लक्ष्य अलग था। उसका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का था। इस लिहाज से वह पिछले छह साल से यूपीएससी परीक्षा के लिए पढ़ाई कर रहा था। कोरोना में दो साल महामारी फैलने के कारण परीक्षा आयोजित नहीं की गई। यूपीएससी की चार परीक्षाओं में वह असफल रहा। हालांकि, असफलता से निराश हुए बिना शुभम ने पांचवीं बार यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की। दिन-रात मेहनत से पढ़ाई की। यूपीएससी परीक्षा परिणाम मंगलवार (16 अप्रैल) को घोषित किया गया। इसमें शुभम ने 359वीं रैंक हासिल की।

शुभम की इस सफलता से न केवल थिटे परिवार और पिंपरी चिंचवड़ पुलिस बल बल्कि समस्त उद्योग नगरवासियों का गौरव बढ़ा है। बेटे की इस सफलता से भगवान थिटे की ख़ुशी सातवें आसमान पर थी। बच्चे को बधाई देते वक्त वे खुशी के अपने आंसू नहीं रोक सके। पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे, अतिरिक्त आयुक्त वसंत परदेशी और अन्य आला अधिकारी और कर्मचारियों ने थिटे को बधाइयां दी और बेटे के उज्वल भविष्य की कामना की।

Created On :   16 April 2024 3:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story