रामटेक: हंसराज रघुवंशी के भक्तिगीतों पर झूम उठे दर्शक, रामनाम के गीतों ने मन मोहा

हंसराज रघुवंशी के भक्तिगीतों पर झूम उठे दर्शक, रामनाम के गीतों ने मन मोहा
  • हंसराज रघुवंशी के रामनाम के गीतों को सुनने उमड़ा हुजूम
  • रामटेक में प्रतिवर्ष होगा राम महोत्सव उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने की घोषणा
  • उपमुख्यमंत्री ने गढ़मंदिर में की पंचमहाआरती

डिजिटल डेस्क, रामटेक. विदर्भ की अयोध्या कहे जानेवाले रामटेक के नेहरु मैदान में आयोजित महासंस्कृृृति महोत्सव के तीसरे दिन यानी 21 जनवरी को शाम 7.30 बजे से शुरु कार्यक्रम में विख्यात भक्ति गीतगायक हंसराज रघुवंशी की जादुई आवाज का आलम उपस्थित हजारों दर्शकों पर छाया रहा। उनकी मधुर आवाज में प्रस्तुत गीतों पर रसिक श्रोता झूमते रहे। इस दरम्यान बीच - बीच में रसिकों द्वारा 'जय श्रीराम', 'जय जय श्रीराम' के जयघोषों से माहौल राममय हो गया । गुरुवंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 'जय शिवशंकरा,हरि ओम,ओम नमो शिवाय' , वंदना से शुरु हुई भक्तिरस की गंगा निरंतर बहती रही। जिसमें रसिक भक्तिरस में गोते लगाते रहे।

शिव समा रहे हैं मुझमें और मैं शून्य हो रहा हूँ। मेरी आंखों के तारे प्रभु श्रीराम आदि भक्तिगीतों ने खूब समां बांधा। सांस्कृतिक कार्य संचालनालय और जिला प्रशासन के समन्वयन से रामटेक स्थित नेहरू मैदान पर पांच दिवसीय महासंस्कृति महोत्सव के तीसरे दिन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। उनके हाथों दीप प्रज्वलन कर तीसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, सांसद कृृपाल तुमाने, विधायक आशीष जयस्वाल, जि.प.सदस्य सतीश डोंगरे, पूर्व नगराध्यक्ष दिलीप देशमुख, जि.प. की मुख्यकार्यकारी अधिकारी श्रीमती सौम्या शर्मा, श्रीमती आशा पठान मंच पर प्रमुखता से उपस्थित थे।

रामटेक में प्रतिवर्ष होगा राम महोत्सव उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने की घोषणा

विख्यात धार्मिकस्थली रामटेक गढ़मंदिर परिसर के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा पहले ही मंजूर है। इस स्थल के विकास के लिए निधि की कोई कमी नहीं होगी। इसके लिए डिपाॅजिट स्वरुप पर्याप्त राशि की व्यवस्था होगी। जितनी निधि चाहिए निधि मिलेगी। इस स्थली के ब्रांडिंग के लिए यहां प्रतिवर्ष 'राम महोत्सव' के भव्य आयोजन की घोषणा उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने की। गढ़मंदिर परिसर भव्य दिव्य बने। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय विधायक आशीष जयस्वाल द्वारा स्वीकारने की अपील भी उन्होंने की। महोत्सव के पहले दिन अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। दूसरे दिन आवाज के जादूगर सुरेश वाडकर के गीतों ने समां बांधा। तीसरे दिन यानी 21 जनवरी को भक्तिगीत गायक हंसराज रघुवंशी की भक्तिधारा में संगीत रसीक भावविभोर होकर झूमते रहे।

विविध स्पर्धा,कलश यात्रा

इसी तरह सुबह हुतात्मा स्मारक मैदान पर स्केटिंग स्पर्धा हुई। स्केटर्स ने नगर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। शेफ विष्णु मनोहर द्वारा महाखिचड़ी का आयोजन हुआ। शाम 5 बजे शिवाजी पुतला रामटेक परिसर से हजारों महिलाओं द्वारा कलशयात्रा निकाली गई। जो नगर के मुख्य मार्ग से गुजरकर नेहरु मैदान पहुंची। यहां यात्रा का समापन हुआ। इस बीच बजरंगी दल की यात्रा भी शहर में पहुंची। हंसराज रघुवंशी के प्रस्तुति के पहले रामराज्य ढोलताशा पथक द्वारा प्रस्तुति दी गई।

उपमुख्यमंत्री ने गढ़मंदिर में की पंचमहाआरती

भाजपा द्वारा शाम 6.30 बजे गढ़मंदिर परिसर में दीपोत्सव मनाया गया। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने श्रीराम सीता के दर्शन किए। इस मौके पर सैकडों दीप जलाए गए। जिससे परिसर जगमगा गया । यहां पंचमहाआरती की गई। उपमुख्यमंत्री ने यहां प्रस्तावित विकासकार्यों में आ रहीं बाधाओं को समझा। पुरातत्व वास्तुओं की विस्तृृृत जानकारी ली। इस अवसर पर सांसद कृृपाल तुमाने, विधायक एड.आशीष जयस्वाल,पूर्व विधायक डी.मल्लिकार्जुन रेड्डी सहित जनप्रतिनिधि,भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आज 'सिंधुरागिरी महात्म्य' महानाट्य का मंचन

आज शाम 7 बजे रामटेक के पौराणिक,धार्मिक इतिहास का परिचय देता 'सिंधुरागिरी महात्म्य' नामक महानाट्य का मंचन होगा। रामरथयात्रा, मशाल यात्रा निकलेगी। जो नगरभ्रमण करेगी।

Created On :   22 Jan 2024 11:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story