डेंगू का डंक - 6 माह की बच्ची की मौत

डेंगू का डंक -  6 माह की बच्ची की मौत
  • 6 माह की बच्ची की मौत
  • हुआ था डेंगू
  • अस्पताल में रोजाना बढ़ रही डेंगू व गैस्ट्रो के मरीजों की तादाद

डिजिटल डेस्क, रामटेक. नगर के झंडा चौक, राधाकृृृृृष्ण वार्ड में एक छह माह की बच्ची की डेंगू से मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार झंडा चौक, राधाकृष्ण वार्ड निवासी सुनील भोयर की 6 माह की बेटी भार्गवी को तेज बुखार आने पर सुबह स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डेंगू की टेस्ट पॉजिटिव पाई गई। इन दिनों रामटेक नगर और तहसील में सफाई के अभाव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही डेंगू का खतरा बढ़ रहा है। तेज बुखार के चलते मंगलवार की सुबह स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी डेंगू टेस्ट पाॅजिटिव पाई गई। परिजन उपचार का खर्च वहन नहीं कर सकते थे, इसलिए बच्ची को रामटेक के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत बिगड़ने पर मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे के दरम्यान नागपुर रेफर किया गया। नागपुर ले जाते समय तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर कामठी के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन निजी अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। इस बीच उसकी मौत हो गई। बुधवार को शोकाकुल माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया गया।

जारी है उपाय योजना

पल्लवी राऊत, मुख्याधिकारी, रामटेक नगर परिषद के मुताबिक मच्छरों पर नियंत्रण के लिए सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। लिक्विड का छिड़काव चल रहा है और उन जगहों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है, जहां मरीज पाए जा रहे हैं। वहीं फाॅगिंग मशीन भी उपलब्ध की गई हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के 5 प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भी हाल-बेहाल

मौजूदा स्थिति में उपजिला रुग्णालय रामटेक, शहर के आसपास के निजी अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में डेंगू के मरीज पाए जा रहे हैं। कई मरीज डेंगू के प्रथम स्टेज में पाए जा रहे हैं। कुछ वायरल के मरीज हैं। मंगलवार और बुधवार को समीपस्थ मानापुर व भोजापुर गांव के 10 से 12 गैस्ट्रो के मरीज उपजिला अस्पताल में भर्ती थे। जिन्हें बारी-बारी छुट्टी दी गई। बुधवार को महादेव गिरडकर (75) व उनकी पत्नी गैस्ट्रो की शिकायत के बाद भर्ती किए गए। रामटेक में भी रोजाना गैस्ट्रो के मरीज पहुंचने की जानकारी उपस्थित डाॅक्टरों ने दी। ग्रामीण क्षेत्र के 5 प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भी रोजाना डेंगू के प्राथमिक स्टेज के मरीज भर्ती हो रहे हैं। वहीं कुछ स्वस्थ होने की जानकारी तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.चेतन नाईकवार ने दी। साथ ही बताया कि, डेंगू और गैस्ट्रो के बढ़ने का कारण गंदगी और प्रदूषित अथवा बगैर क्लोरिनेशन का पानी पीना है। इस ओर ध्यान देकर पानी उबालकर कर पीने और घर में अथवा परिसर में पानी जमा नहीं होने देने का आह्वान भी नागरिकों से किया।

Created On :   31 Aug 2023 12:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story