थाना प्रभारी सिविल लाइंस को उपनिरीक्षक ने मारी गोली, हालत गंभीर

थाना प्रभारी सिविल लाइंस को उपनिरीक्षक ने मारी गोली, हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, रीवा। सिविल लाइंस थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा को गुरुवार को अपरान्ह २.५५ मिनट पर उपनिरीक्षक बीआर सिंह ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल थाना प्रभारी को एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक बीआर सिंह पहले सिविल लाइंस थाना में पदस्थ थे, एक मामले को लेकर उन्हें यहां से हटाकर लाइन अटैच कर दिया गया था। बीआर सिंह यह मान रहे थे कि उन्हें थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा ने हटाया है। इसी बात से वे नाराज रहते थे और थाना प्रभारी को धमका भी चुके थे। गुरुवार को ढाई बजे के करीब एक फाइल लेकर उपनिरीक्षक बीआर सिंह सिविल लाइंस थाना पहुंचे और सीधे थाना प्रभारी के कमरे में प्रवेश कर गए जहां पर वे कुछ लोगों से बात कर रहे थे।

इसी बीच थाना प्रभारी सिविल लाइंस और उपनिरीक्षक बीआर सिंह के बीच कहा-सुनी हुई। कुर्सी में बैठे थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा के पास रिवाल्वर लेकर बीआर सिंह पहुंच गए और उनके सीने में अड़ाकर पहला फायर किया। जैसे ही फायर हुआ थाना प्रभारी उनसे लपट पड़े। इसी बीच दूसरा भी फायर किया। गोली थाना प्रभारी के सीने और कंधे के बीच में लगी है। गोली काण्ड के बाद थाना में अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। थाना का स्टॉफ तत्काल घायल थाना प्रभारी को लेकर एक निजी हॉस्पिटल पहुंचे जहां पर आईजी, डीआईजी, एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। थाना प्रभारी के सीने और कंधे के बीच में गोली घुसी हुई है जिसका ऑपरेशन किया गया। थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।

उपनिरीक्षक ने अंदर से बंद कर लिया गेट

इस घटना के बाद उपनिरीक्षक बीआर सिंह थाना प्रभारी के चेम्बर का गेट अंदर से बंद कर लिया। माइक सेट से एडीजीपी से बात कराने के लिए बार-बार बोल रहा था। सूत्रों की माने तो उपनिरीक्षक नशे में था। उसके पास एक शासकीय पिस्तौल के अलावा एक अन्य लायसेंसी रिवाल्वर भी देखी गई है। दोनों रिवाल्वर लेकर वे सिविल लाइंस थाना पहुंचा था। इस घटना के बाद थाना और कंट्रोल रूम परिसर में कड़ी चौकसी बरती गई।

बताया गया है कि अभी भी आरोपी उपनिरीक्षक थाना के अंदर कैद था उसके पास तक जाने की किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी। बताया गया है कि उसके पास कई राउण्ड की गोलियां थी जिसके कारण भय का वातावरण बना हुआ था। इस घटना के संबंध में पुलिस के कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने की स्थिति में नही हैं। एसपी से घटना के संबंध में जानकारी के लिए संपर्क किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

Created On :   28 July 2023 8:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story