मध्यप्रदेश: सिंगरौली में बनेगा हवाई अड्डा, आमजन को मिलेगी एयर एम्बुलेंस की सुविधा - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सिंगरौली में बनेगा हवाई अड्डा, आमजन को मिलेगी एयर एम्बुलेंस की सुविधा - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • सिंगरौली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • ₹253 करोड़ की लागत से 73 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
  • निर्माण और विकास कार्यों के सुझाव पर अमल करने का दिया आश्वासन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंगरौली क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक निर्णय लेगी। सिंगरौली में हवाई अड्डा बनाया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को गंभीर रोग से उपचार के लिए अन्यत्र ले जाने की व्यवस्था एयर एम्बुलेंस से की जाएगी। स्टेडियम निर्माण, सामुदायिक केन्द्र निर्माण और विकास से संबंधित प्राप्त सुझावों पर राज्य सरकार अमल करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज सिंगरौली में हुए कार्यक्रम में ₹253 करोड़ की लागत से 73 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों को 58 करोड़ 68 लाख रूपए के बैंक ऋण एवं आरएफ और सीआइफ फंड की राशि का सिंगल क्लिक से वितरण भी किया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, सीधी जिले के राजेश मिश्रा, विंध्य अंचल के विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंगरौली जिले में देवसर में एडीएम कार्यालय, विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान, उपभोक्ता फोरम के संबंध में परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। राज्य सरकार की सभी विकास योजनाएं निरंतर चलती रहेगी। जनता के हित में नए निर्णय भी लिए जाएंगे। निर्माण कार्यों का क्रियान्वयन तेज गति से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आमजन के सम्मान के लिए भी राज्य शासन प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण सम्मान होना चाहिए। संवदेनशील सरकार नागरिकों के विकास और सम्मान के प्रति गंभीर है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया है ऐतिहासिक कार्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अद्भुत नेतृत्व क्षमता के धनी हैं। उनके परिवार में पहले कभी कोई विधायक, सांसद नहीं था। उन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन होम किया है। तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री और दो बार प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने ऐतिहासिक कार्यों से कई प्रतिमान स्थापित किये है, चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या अन्य राष्ट्रों में भारत की श्रेष्ठ छवि बनाने का कार्य हो, प्रधानमंत्री मोदी ने मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को अपना परिवार मानते हैं। इस वर्ष अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण से सैकड़ों वर्ष पुराने संघर्ष का सुखद समापन हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वितरित किए हितलाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में प्रतीक स्वरूप कुछ हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। इनमें सुख सागर चौरसिया को पीएम स्वनिधि योजना में फास्ट फूड की दुकान के लिए सहायता राशि प्रदान की गई। इसी तरह मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में दिवाकर शाह को स्वीकृत राशि प्रदान की गई।

सिंगरौली की जनता ने किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जन आभार यात्रा में सिंगरौली की जनता ने नगर के विभिन्न स्थानों पर जन आभार यात्रा में पुष्पमालाओं और पुष्पगुच्छों से स्वागत किया। गीत और भजन मंडलियों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

Created On :   7 March 2024 8:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story