राजनीति: हफ्ता वसूली की रकम से बनी महाराष्ट्र में महायुति की सरकार: राहुल गांधी

हफ्ता वसूली की रकम से बनी महाराष्ट्र में महायुति की सरकार: राहुल गांधी
  • शिवाजी पार्क में चैत्यभूमि पर कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन
  • इंडिया गठबंधन के नेता भी यात्रा में हुए शामिल
  • घाटकोपर-धारावी में राहुल के साथ रहीं प्रियंका गांधी

डिजिटल डेस्क, ठाणे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गईं सरकारों को गिराने के लिए धन-बल का प्रयोग करती रही है। महाराष्ट्र में भी भाजपा ने हफ्ता वसूली की रकम से शिवसेना (शिंदे) को अपने पाले में लेकर सरकार का गठन किया और बाद में राकांपा (अजित) को भी साथ ले लिया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को ठाणे शहर पहुंची थी। इस दौरान जांभलीनाका के चिंतामणि चौक पर एक सभा हुई। इस यात्रा में राहुल के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले, शिवसेना (उद्धव) सांसद राजन विचारे, राकांपा (शरद) महासचिव जितेंद्र आव्हाड मौजूद थे। ठाणे से होती हुई यह यात्रा शनिवार शाम मुंबई पहुंची। प्रियंका गांधी भी भाई राहुल के साथ घाटकोपर से यात्रा में शामिल हुईं। दादर के शिवाजी पार्क स्थित चैत्यभूमि पर कांग्रेस की यात्रा का समापन हुआ।

ठाणे में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोरोना काल के दौरान वैक्सीन कंपनियों से किस्तों में करोड़ों रुपए लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार कंपनियों के पीछे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को लगाती है। जब भाजपा के खाते में पैसे आ जाते हैं, तो जांच बंद कर दी जाती है। कंस्ट्रक्शन का काम देने के नाम पर भी रकम वसूली गई है।

भाजपा की नीति ‘चंदा दो, धंधा लो': जयराम रमेश : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ईडी, सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों की धौंस दिखा कर सत्ताधारी भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए धन उगाही की है। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा पर ‘वन नेशन, नो इलेक्शन' और ‘चंदा दो, धंधा लो' जैसी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पीएम मोदी नफरत की राजनीति कर रहे हैं।

हम गारंटी ही नहीं वारंटी भी दे रहे: पटोले : कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि सबसे पहले कांग्रेस ने कर्नाटक के चुनाव में यह शब्द इस्तेमाल किया था। पीएम मोदी अब "मोदी की गारंटी’ वाला जुमला दे रहे हैं। कांग्रेस गारंटी ही नहीं, बल्कि इसे पूरा करने की वारंटी भी दे रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश वासियों को आगामी पांच वर्ष के लिए 25 गारंटी का वादा किया है।

मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक पदयात्रा : राहुल गांधी रविवार को दक्षिण मुंबई के मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ करेंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार के कार्यालय ने बताया कि सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल होंगी। इसके बाद राहुल गांधी अगस्त क्रांति मैदान के पास तेजपाल हॉल में लोगों से चर्चा करेंगे।

शिवाजी पार्क में सभा आज : कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत राहुल गांधी रविवार शाम शिवाजी पार्क में रैली संबोधित करेंगे। इसमें शिवसेना (उद्धव) और राकांपा (शरद) नेताओं के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राजद के तेजस्वी यादव समेत विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के विभिन्न दलों के नेता शामिल होंगे।

वंचित से चर्चा जारी, एक-दो दिन में सुलझेगा मामला : आघाडी में सीट बंटवारे को लेकर पटोले ने कहा कि प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी के साथ चर्चा जारी है। एक-दो दिन में मामला सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आंबेडकर शिवाजी पार्क में कांग्रेस की सभा में शामिल होंगे।

क्या चंदे की रकम राहुल लौटाएंगे : कंपनियों ने 30 प्रतिशत चुनावी चंदा भाजपा को दिया है। 70 प्रतिशत चंदा विपक्षी दलों को मिला है। मेरा सवाल राहुल गांधी से है कि क्या वे इलेक्टोरल बॉन्ड से मिली चंदे की रकम वापस करेंगे? कांग्रेस को पूरा चुनाव कालेधन से लड़ना है। इलेक्टोरल बॉन्ड शुरू होने से कालेधन का स्रोत बंद हो गया है। इसलिए राहुल छटपटा रहे हैं। देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री

जो लोग खुद को हिंदुत्ववादी कहते हैं, वे वीर सावरकर का अपमान करने वालों के साथ घूम रहे हैं। राज्य की जनता उन्हें सही जवाब देगी। एकनाथ शिंदे, मुख्यमंत्री

Created On :   16 March 2024 2:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story