पूत बना कपूत: फूलगोभी तोड़ने पर दिखा बेटे का क्रूर चेहरा, मां को खंभे से बांधकर पीटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

फूलगोभी तोड़ने पर दिखा बेटे का क्रूर चेहरा, मां को खंभे से बांधकर पीटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
फूलगोभी तोड़ने पर दिखा बेटे का क्रूर चेहरा

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। मां-बाप अपने बच्चों की परवरिश में अपना सारा जीवन खपा देते हैं। वहीं कुछ बच्चे बुढापे में मां-बाप का सहारा बनने की जगह उनकी परेशानियों का सबब बन जाते हैं। ओडिशा के क्योंझर जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने बेटे के रिश्ते के साथ-साथ इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया। क्रूड बेटे ने अपनी 70 वर्षीय मां को पहले बेरहमी से पीटा फिर बिजली के खंभे में बांध दिया। पूरे विवाद का कारण बस इतना सा था कि मां ने बेटे के खेत से एक फूलगोभी तोड़ ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज कर बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ थाना क्षेत्र के सरसापसी गांव का है। आरोपी की पहचान 39 वर्षीय शत्रुघ्न महंत के रूप में हुई है। आरोपी ने अपनी 70 वर्षीय मां सुभद्रा महंत को खेत से फूलगोभी तोड़ने के चलते बहुत बेरहमी से पीटा। पिटाई के बाद शत्रुघन महंत ने अपनी बूढी मां को बिजली के खंभे से बांध दिया। जानकारी के मुताबिक, सुभद्रा महंत के दो बेटे हैं जिसमें से कुछ समय बड़े बेटे की मौत हो गई थी। आपसी विवाद के चलते सुभद्रा छोटे बेटे शत्रुघन से अलग ही रहती है और अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर है।

गांव वालों ने पीड़िता को पहुंचाया स्वास्थ्यकेंद्र

विवाद के बीच गांव वालों ने महिला को बेटे की पिटाई से बचाने की कोशिश की। इस पर शत्रुघ्न ने गांव वालों को भी धमकाया। हालांकि, गांव वालों ने हिम्मत कर महिला को बेटे से छुड़ाकर बासुदेवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्वास्थ्यकेंद्र पहुंचकर पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गांव वालों की शिकायत पर पुलिस की टीम बासुदेवपुर स्वास्थ्यकेंद्र पहुंची। पुलिस ने घटना के बारे में सुभद्रा महंत से पूछताछ की। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने उनके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर शत्रुघन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस जल्द ही उसे अदालत में पेश करने वाली है।

Created On :   25 Dec 2023 1:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story