रैंकिंग: भ्रष्टाचार मामले में नहीं सुधरे हालात, दुनिया में 80वें नंबर पर भारत, सोमालिया सबसे भ्रष्ट देश

India ranked 80th in Corruption Perception Index
रैंकिंग: भ्रष्टाचार मामले में नहीं सुधरे हालात, दुनिया में 80वें नंबर पर भारत, सोमालिया सबसे भ्रष्ट देश
रैंकिंग: भ्रष्टाचार मामले में नहीं सुधरे हालात, दुनिया में 80वें नंबर पर भारत, सोमालिया सबसे भ्रष्ट देश
हाईलाइट
  • डेनमार्क और न्यूजीलैंड में सबसे कम भ्रष्टाचार
  • पिछले साल भी 80वें पायदान पर था भारत
  • सोमालिया सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भ्रष्टाचार कम करने के लिए सरकार ने कई दावे किए, लेकिन सारे दावे कोरे ही नजर आए। इसकी बानगी हमें ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स (वैश्विक भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक) 2019 में दिखने को मिल रही है। दरअसल, ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल द्वारा किए गए ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक भारत कुल 180 देशों के भ्रष्टाचार रैकिंग में 80वें स्थान पर है। भारत ने 2018 की तरह ही 2019 में भी 41 अंक प्राप्त किए हैं और वह चीन के साथ संयुक्त रूप से 80वें स्थान पर है। इससे पहले 2017 के इंडेक्स में वह 40 अंक के साथ 81वें स्थान पर था। इससे पहले 2016 में भारत इस इंडेक्स में 79वें स्थान पर था।  

ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल एक स्वतंत्र संगठन है, जो हर साल तमाम देशों में भ्रष्टाचार की स्थिति को लेकर रैंकिंग जारी करती है। ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स के नाम से जाना जाता है। जानकारी अनुसार भ्रष्टाचार के लिए निर्धारित सूचकांक 100 को सर्वश्रेष्ठ माना गया है, वहीं शून्य अंक सबसे ज्यादा भ्रष्ट देश को प्रदर्शित करता है।

डेनमार्क और न्यूजीलैंड में सबसे कम भ्रष्टाचार
खास बात यह है कि 80वीं रैकिंग पर भारत-चीन के अलावा संयुक्त रूप से बेनिन, घाना और मोरक्को जैसे देश हैं। इन्हें भी 41 अंक प्राप्त हुए हैं। सबसे कम भ्रष्टाचार वाले देशों में 87 अंक के साथ पहले नंबर पर डेनमार्क और न्यूजीलैंड हैं। इसके बाद फिनलैंड (86), सिंगापुर (85), स्वीडन (85), स्विट्जरलैंड (85), नॉर्वे (84), नीदरलैंड (82), जर्मनी (80) और लक्समबर्ग (80) का नंबर आता है।

भूटान शीर्ष 25 देशों में शुमार 
पड़ोसी देशों की बात करें तो भूटान ही एकमात्र देश है, जहां भ्रष्टाचार कम है। भूटान 68 अंकों के साथ 25वीं रैंकिंग पर है। बाकी अन्य देशों में स्थिति भारत से भी खराब है। श्रीलंका 93वें, नेपाल 113वें और मालदीव-म्यांमार 130वें नंबर पर है।

पाकिस्तान 120वें और बांग्लादेश 146वें पायदान पर 
पाकिस्तान में भ्रष्टाचार पर कितनी लगाम लगाई जा सकी है, उसका अंदाजा उसकी रैंकिंग से ही लगता है। पाकिस्तान में भ्रष्टाचार बीते साल पहले की तुलना में बढ़ा है और इस मामले में वह 120वें स्थान पर आ गया है। उसका स्कोर महज 32 रहा। बांग्लादेश में भ्रष्टाचार बहुत बड़े पैमाने पर फैला हुआ है और वह इस सूची में महज 26 अंकों के साथ 146वें नंबर पर है।

सोमालिया सबसे भ्रष्ट देश
कनाडा, फ्रांस, ब्रिटेन और डेनमार्क सहित कई विकसित देशों ने पिछले वर्ष की तुलना में 2019 में कम स्कोर किया है। कई देशों ने रैंक में भी गिरावट दर्ज की है, क्योंकि उनका स्कोर समान रहा। वहीं वैश्विक रैंकिंग में सोमालिया सबसे निचले यानी 180वें पायदान पर है। उससे पहले दक्षिणी सूडान, सीरिया, यमन, वेनेजुएला और सूडान जैसे देश हैं। 

ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स 2019 के टॉप 10 देशः

रैंक देश स्कोर
1. डेनमार्क 87
2. न्यूजीलैंड 87
3. फिनलैंड 86
4. सिंगापुर 86
5. स्वीडन 85
6. स्विट्जरलैंड 85
7. नॉर्वे 84
8. नीदरलैंड 82
9. जर्मनी 80
10. लक्जमबर्ग 80
80. भारत 41

 

 

Created On :   23 Jan 2020 6:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story