होली 2024: वृंदावन में मना रहे हैं इस बार की होली तो इन मंदिरों में जरूर करें दर्शन, पहले से कर लें नोट

वृंदावन में मना रहे हैं इस बार की होली तो इन मंदिरों में जरूर करें दर्शन, पहले से कर लें नोट
  • 25 मार्च को पूरे देश में होली मनाया जाएगा
  • इस साल वृंदावन में मनाएं होली
  • इन मंदिरों के होली उत्सव में हो सकते हैं शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वृंदावन की होली पूरी दुनिया में फेमस है। यहां की होली देखने के लिए देश ही नहीं दुनिया के विभिन्न कोनों से लोग पहुंचते हैं। होली का जश्न यहां करीब महीने भर पहले से शुरू हो जाता है। इस साल होली सेलिब्रेट करने के लिए आप भी वृंदावन जाने वाले हैं तो वहां के कुछ मंदिरों के बारे में आप का जानना बहुत जरूरी है। होली के लिए जब आप वृंदावन जाएं तो इन मंदिरों में जरूर जाएं। इन मंदिरों में होली का त्योहार इतने खूबसूरत ढंग से मनाया जाता है कि आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। वृंदावन में रंग और गुलाल के साथ-साथ फूलों से भी होली खेली जाती है। इसके अलावा यहां की लठ मार होली भी काफी लोकप्रिय है।

प्रेम मंदिर

प्रेम मंदिर को वृंदावन के सबसे लोकप्रिय राधा-कृष्ण मंदिरों में से एक है। लोकप्रिय होने के साथ-साथ सफेद संगमरमर से बना यह मंदिर काफी खूबसूरत भी है। जो लोग वृंदावन घूमने जाते हैं वो एक बार प्रेम मंदिर जरूर जाते हैं। इस मंदिर में भगवान कृष्ण के सभी रूपों को दर्शाया गया है। प्रेम मंदिर परिसर की होली बेहद खूबसूरत होती है और यहां आने वाले लोगों की भीड़ देखने लायक होती है।

इस्कॉन मंदिर

वृंदावन के इस्कॉन मंदिर को श्री कृष्ण बलराम मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। होली के शुभ अवसर पर यहां काफी भीड़ देखने को मिलती है। अगर आप वृंदावन आ रहे हैं तो इस्कॉन मंदिर के होली उत्सव का हिस्सा जरूर बनें। आपको बता दें कि इस मंदिर में फूलों की होली खेली जाती है। हवा में रंग-बिरंगे फूलों की पंखुरियां के बिखरने का नजारा बेहद खूबसूरत होता है।

बांके बिहारी मंदिर

मथुरा के वृंदावन धाम में स्थित बांके बिहारी मंदिर का कृष्ण भक्तों के बीच विशेष महत्व है। यहां रंग-गुलाल के साथ फूलों की भी होली खेली जाती है। यहां के होली उत्सव में लोगों पर सूखे गुलाल और फूलों के साथ-साथ पानी वाला रंग भी बरसाया जाता है। वृंदावन में सबसे ज्यादा इसी मंदिर के आसपास होली की रौनक रहती है।

गोविंद देव जी मंदिर

गोविंद देव जी मंदिर वृंदावन के सबसे पुराने मंदिरों में एक है। यह मंदिर पत्थरों से बना हुआ है और तीन तल का है। बताया जाता है कि पहले यह मंदिर 7 तल का था। इस मंदिर में भी होली की अच्छी धूम रहती है। अगर आप वृंदावन जा रहे हैं तो इस मंदिर के होली उत्सव का हिस्सा बन सकते हैं।

Created On :   11 March 2024 1:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story