सड़क हादसा: स्कूल बस पलटने से हरियाणा में 6 मासूमों की गई जान, ईद की छुट्टी के दिन भी स्कूल खुले रहने पर उठ रहे हैं सवाल

स्कूल बस पलटने से हरियाणा में 6 मासूमों की गई जान, ईद की छुट्टी के दिन भी स्कूल खुले रहने पर उठ रहे हैं सवाल
  • हरियाणा में स्कूल बस पलटने से हादसा
  • 6 बच्चों की मौत, 15 घायल
  • बस में सवार थे 35-40 बच्चे

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में स्कूल बस पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 40 बच्चों को ले जा रही बस अनियंत्रित होने के कारण पलट गई। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 6 मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं लगभग 15 बच्चे सड़क हादसे में घायल हो गए। बता दें घटना आज गुरुवर सुबह की है। आज ईद की छुट्टी के बावजूद कक्षा लगाई गई और बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। घटना के बाद स्कूल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर छुट्टी के दिन भी स्कूल क्यों खुली? दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। राहत कार्य के बाद अब घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

6 बच्चों की मौत

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना कस्बा में गुरुवार सुबह यह हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जीएल पब्लिक स्कूल की बस नारनौल में उन्हानी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद 6 बच्चों की हालत काफी गंभीर थी। अस्पताल ले जाने के क्रम में ही 5 बच्चों की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल छठे बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन, कुछ समय बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इसके अलावा हादसे में 15 बच्चे घायल हो गए। अब अभिभावक छुट्टी के दिन स्कूल खुले रहने पर सवाल उठा रहे हैं।

नशे में था ड्राइवर?

बस पलटने से हुए हादसे के तुरंत बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों का दावा है कि स्कूल बस चलाने वाला ड्राइवर नशे में था। घटना के थोड़ी देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की टीम ने बच्चों को रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रशासन घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने उपायुक्त और महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक को अस्पताल का दौरा करने और मामले की जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।

Created On :   11 April 2024 6:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story