नई शुरुआत: दैनिक भास्कर का नया संस्करण अब पुणे से भी

दैनिक भास्कर का नया संस्करण अब पुणे से भी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश का लोकप्रिय हिंदी समाचार पत्र दैनिक भास्कर का नया संस्करण अब पुणे से शुरू हो गया है। यहां भी महाराष्ट्र के अन्य शहरों की तरह हिंदी संस्करण में ही शुरुआत हुई है। दैनिक भास्कर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अलावा नागपुर (11 जिलों के लिए), छत्रपति संभाजी नगर और अकोलासे प्रकाशित होता है। अब पुणे में भी दैनिक भास्कर का नया संस्करण शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

पुणे में नया संस्करण शुरू करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दैनिक भास्कर टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, "दैनिक भास्कर अपने नए संस्करण का पुणे से प्रारंभ कर रहा है, यह जानकर प्रसन्नता हुई। पुणे सांस्कृतिक और शिक्षा के दृष्टी से महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे शहर में दैनिक भास्कर के संस्करण का आगमन एक अच्छी पहल है। दैनिक भास्कर का इस पुणे शहर के आगमन का मैं हृदयपूर्वक स्वागत करता हूं। भारत के स्वतंत्रता संग्राम से हमारी अखबार की दुनिया उभरी है। अखबारों ने इस स्वतंत्रता संग्राम में बड़ी अहम भूमिका निभाई है। अखबारों के कारण ही भारत में महान पत्रकारिता का युग प्रारंभ हुआ।"

"भास्कर सकारात्मक पत्रकारिता में विश्वास रखता है" - फडणवीस

वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "बेहद खुशी कि बात है कि मुंबई के बाद अब दैनिक भास्कर पुणे से भी अपना नया संस्करण शुरू करने जा रहा है। इस उपलक्ष्य में मैं बहुत-बहुत शुभकामनाएं प्रदान करता हूं और यश की कामना करता हूं। महाराष्ट्र में नागपुर, छत्रपति संभाजी नगर, अकोला और फिर मुंबई से दैनिक भास्कर प्रकाशित होता है। पुणे से प्रकाशित यह दैनिक भास्कर का पुणे संस्करण होगा। भास्कर सदा सकारात्मक पत्रकारिता में विश्वास रखता है। भास्कर का न्यूज पॉजिटिव उपक्रम मुझे हमेशा याद है।"

'दैनिक परिवार का हार्दिक अभिनंदन'- अजित पवार

इसके अलावा महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा, " देश का प्रमुख हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक भास्कर' का पुणे संस्करण, महाराष्ट्र की शैक्षणिक, सांस्कृतिक राजधानी तथा अध्यात्म नगरी 'पुणे' से प्रकाशित हो रहा है, यह जानकर बड़ी खुशी हुई। इस खुशी के अवसर पर 'दैनिक भास्कर' के संपादक, सह संपादक, उप संपादक, संवाददाता, लेखक, पाठक, हितचिंतक, अखबार के प्रशासकीय अधिकारी, कर्मचारी, संपूर्ण दैनिक परिवार का मैं हार्दिक अभिनंदन करता हूं, सभी को ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।"


Created On :   18 March 2024 12:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story