नमस्ते ट्रंप: मेलानिया ने सीखा हंसते-हंसते पढ़ने का अंदाज, बच्चों ने पूछे अटपटे सवाल

Namaste Trump: Melania learned how to read laughing, children asked awkward questions
नमस्ते ट्रंप: मेलानिया ने सीखा हंसते-हंसते पढ़ने का अंदाज, बच्चों ने पूछे अटपटे सवाल
नमस्ते ट्रंप: मेलानिया ने सीखा हंसते-हंसते पढ़ने का अंदाज, बच्चों ने पूछे अटपटे सवाल
हाईलाइट
  • मेलानिया ट्रंप को पसंद आई मधुबनी पेंटिंग
  • मेलानिया से बच्चों ने पूछा आप कार्टून देखती हैं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप मंगलवार दोपहर दिल्ली सरकार द्वारा संचालित मोती बाग इलाके के सर्वोदय स्कूल में हैप्पीनेस क्लास देखने पहुंची। इस दौरान उन्होंने यहां के बच्चों से हंसते-हंसते पढ़ने का अंदाज सीखा। उन्होंने कहा कि वह हैप्पीनेस क्लास से प्रेरित हैं। इस अवसर पर मेलानिया के साथ अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट भी रहे। मेलानिया के स्वागत में बच्चे भारतीय और अमेरिकी झंडे लहराते नजर आए। यहां मेलानिया का परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। हैप्पीनेस क्लास में कुल 24 छात्र थे, जिनके साथ मेलानिया ने समय बिताया। इस दौरान यहां के बच्चों ने मेलानिया से अटपटे सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया।

अमेरिका की प्रथम महिला ने पाठ्यक्रम को देखने के बाद कहा, हम सभी के लिए अपना दिन शुरू करने के लिए इससे बेहतर तरीका नहीं सोच सकती। उन्होंने कहा कि वह हैप्पीनेस क्लास से प्रेरित हैं। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को भी सराहा। मेलानिया ने कहा, यहां शिक्षकों की मेहनत, बच्चों का समर्पण और लगन साफ नजर आती है। यह बहुत शानदार स्कूल है। मैंने हैप्पीनेस क्लास में पाठ्यक्रम का जायजा लिया। ऐसे कार्यक्रम दुनिया के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। हमारे बेहतरीन स्वागत के लिए आपका शुक्रिया।

मेलानिया से बच्चों ने पूछा आप कार्टून देखती हैं
आप कौन हो और कहां से आई हो, ग्लोब में यूएसए (अमेरिका) दिखता है, मैं वहीं से आई हूं। नमस्ते मैम हाउ आर यू। आपको हमारे स्कूल आना कैसा लगा, अब आप इंडिया कब आओगे, आप का पसंदीदा रंग कौन सा है, आप को कौन-सा कार्टून देखना पसंद है। दिल्ली सरकार के मोतीबाग स्थित सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में यूएस की प्रथम महिला व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप से बच्चों ने कुछ ऐसे ही सवाल किए।

मेलानिया ट्रंप को पसंद आई मधुबनी पेंटिंग
मेलानिया ट्रंप को बिहार के मधुबनी पेंटिंग पसंद आई। वह मंगलवार को दक्षिण दिल्ली के नानकपुरा स्थित सर्वोदय को-एजुकेशन सीनियर सेकंडरी स्कूल पहुंची थीं, जहां छात्रों ने उनको विश्व प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग भेंट की। इस पेंटिंग को देख वह प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने करीब आधे घंटे तक स्कूल के अध्यापकों व छात्रों से बातचीत की।

केजरीवाल और सिसोदिया का नाम हटाने पर नाराजगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम मेलानिया ट्रंप के स्कूल में किए गए दौरे से हटाए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी नाराजगी जाहिर की। दरअसल मेलानिया जिस स्कूल में हैप्पीनेस क्लास के पाठ्यक्रम को जानने पहुंची थी, वह दिल्ली सरकार द्वारा संचालित है और आम आदमी पार्टी चाहती थी कि इस अवसर पर दिल्ली सरकार या मुख्यमंत्री को भी शामिल किया जाना चाहिए था।

इस मुद्दे पर नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने कहा, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की उपस्थिति पर कोई आपत्ति नहीं है। हम उनका सम्मान करते हैं। यह कोई राजनीतिक घटनाक्रम नहीं है। दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा कि शिक्षा, स्कूल और छात्रों पर ध्यान केंद्रित करना सबसे अच्छा है।

बच्चों ने मेलानिया के स्वागत में बनाई रंगोली
उनके स्वागत में स्कूल को फूलों से सजाया गया था। स्कूल में अनेक स्थानों पर फूलों से रंगोली बनाई गई थी। छात्रों के बैंड ने बैगपाइप बजाकर अमेरिका की प्रथम महिला का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय में योगा सत्र भी देखा और छात्रों से बात भी की। छात्रों को संबोधित करते हुए मेलानिया ने उनके स्वागत के लिए विद्यालय प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, इस तरह से मेरा स्वागत करने के लिए शुक्रिया। यह भारत का मेरा पहला दौरा है। यहां के लोग बेहद उत्साह से स्वागत करने वाले व उदार हैं।

Created On :   25 Feb 2020 8:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story