विवादित बयान: एक बार फिर विवादों में घिरे सैम पित्रोदा, विरासत टैक्स के बाद भारतीयों के रंग-रूप पर अजीबो-गरीब टिप्पणी से मचा बवाल

एक बार फिर विवादों में घिरे सैम पित्रोदा, विरासत टैक्स के बाद भारतीयों के रंग-रूप पर अजीबो-गरीब टिप्पणी से मचा बवाल
  • सैम पित्रोदा के विवादित बोल
  • भारतीय लोगों पर नस्लीय टिप्पणी!
  • पूर्वोत्तर के लोगों को बताया चीनी जैसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयर मैन सैम पित्रोदा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक मीडिया को दिए गए इंटरव्यू में पित्रोदा ने भारतीयों के रंग-रूप को लेकर अजीबो-गरीब टिप्पणी की जिस वजह से वह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। कांग्रेस नेता ने पूर्वोत्तर के लोगों को चीनी और दक्षिण के लोगों को अफ्रीकी जैसा बता दिया है। इसके अलावा उन्होंने उत्तर भारत के लोगों को कुछ हद तक अंग्रेज (गोरे) करार दिया है। दरअसल, एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा भारत की विविधता पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने क्षेत्रों की विविधता दर्शाने के लिए यह अजीबो-गरीब उदाहरण दे डाला। भारतीय लोगों को लेकर उनकी नस्लीय टिप्पणी ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।

कुछ दिनों पहले ही पित्रोदा के विरासत टैक्स पर दिए गए बयान पर खूब सियासी बवाल मचा था। पित्रोदा ने भारत में अमीर-गरीब के बीच की खाई को पाटने के लिए विरासत टैक्स की वकालत की थी। भारतीय जनता पार्टी ने विरासत टैक्स को लेकर दिए गए पित्रोदा के बयान का मुद्दा बना कर कांग्रेस पर खूब तीर चलाए थे। पित्रोदा ने कहा था, "अमेरिका में विरासत कर लगता है। अगर किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और जब वह मर जाता है तो वह केवल 45 फीसदी अपने बच्चों को ट्रांसफर कर सकता है।अमेरिकी सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है। यह एक दिलचस्प कानून है। यह कहता है कि आपने अपनी पीढ़ी में संपत्ति बनाई और अब आप जा रहे हैं, आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। पूरी नहीं आधी, ये जो निष्पक्ष कानून है मुझे अच्छा लगता है।"

'विविधता में एकता...'

द स्टेस्टमैन को दिए इंटरव्यू में भारत की विविधता में एकता पर बात करते हुए सैम पित्रोदा ने भारतीय लोगों पर नस्लीय टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, "हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एक साथ रख सकते हैं। पूर्वी भारत में लोग चीन जैसे दिखते हैं, पश्चिमी के लोग अरब जैसे हैं, उत्तर वाले गोरों की तरह और दक्षिण भारतीय लोग तो अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "यह मायने नहीं रखता है, हम सभी एक हैं और भाई-बहन हैं।" सैम पित्रोदा का इंटरव्यू क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बीच एक यूजर ने उन्हें कुछ दिनों तक कोई भी इंटरव्यू नहीं देने की सलाह दे डाली है।

राहुल पर बीजेपी नेताओं ने साधा निशाना

सैम पित्रोदा के नस्लीय टिप्पणी के बाद भाजपा नेता कांग्रेस पार्टी पर टूट पड़े हैं। इस बीच पूरे मामले में राहुल गांधी पर भी तंज कसा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, " राहुल गांधी जिनके शिष्य हैं आज सैम पित्रोदा ने भारत, यहां की संस्कृति, देश की पहचान और यहां के लोगों की पहचान पर बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है। यह विषय केवल चुनाव या राजनीति तक ही सीमित नहीं है बल्कि भारत के अस्तित्व की बात है क्योंकि वे देश की पहचान पर सवाल उठा रहे हैं।"

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह बार-बार साफ हो रहा है कि सैम पित्रोदा भारत के लिए क्या सोचते हैं। उन्होंने पित्रोदा के बयान पर राहुल गांधी को घेरते हुए कहा, "वह (सैम पित्रोदा) राहुल गांधी के सलाहकार हैं। मैं अब समझ सकता हूं कि राहुल गांधी बकवास क्यों करते हैं।" हिमाचल के मंडी सीट से बीजेपी प्रत्याशी और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "सैम पित्रोदा राहुल गांधी के मेंटर हैं। भारत के लिए उनकी विभाजनकारी और नस्लवादी बयान को सुनें। उनकी पूरी विचारधारा बांटो और राज करो पर आधारित है। भारतीयों को चीन और अफ्रीकी कहना घृणित है। कांग्रेस को शर्म करना चाहिए।"

कांग्रेस ने किया किनारा

कांग्रेस पार्टी ने सैम पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया है। पार्टी नेता जयराम रमेश ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भारत की विविधता को दर्शाने के लिए की गई तुलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। कांग्रेस इससे खुद को पूरी तरह से अलग करती है।"

Created On :   8 May 2024 7:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story