संजय सिंह का आरोप: भाजपा के दबाव में काम कर रहा है तिहाड़ जेल प्रशासन, केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार का दावा

भाजपा के दबाव में काम कर रहा है तिहाड़ जेल प्रशासन, केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार का दावा
  • आप नेता संजय सिंह ने लगाया जेल प्रशासन पर आरोप
  • 'भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं अधिकारी'
  • 'केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह ने आज शनिवार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तिहाड़ जेल प्रशासन पर कई आरोप लगाए। आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि जेल प्रशासन भारतीय जनता पार्टी के दबाव में काम कर रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप तिहाड़ जेल प्रशासन पर लगाया है। इसके अलावा संजय सिंह ने कहा कि जेल अधिकारियों ने दिल्ली सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल को आमने-सामने मुलाकात करने की इजाजत नहीं दी। अरविंद केजरीवाल से पत्नी सुनीता की मुलाकात खिड़की के जरिए करवाई गई।

'केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार'

पत्नी सुनीता को अरविंद केजरीवाल से फेस टु फेस मिलने नहीं दिए जाने पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा, "अरविंद केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है। यहां तक ​​कि खूंखार अपराधियों को भी अपने परिजनों से बैरक में मुलाकात करने की इजाजत है। जबकि दिल्ली के तीन बार के सीएम को उनकी पत्नी और पीए से विंडो बॉक्स के जरिए मुलाकात कराई जा रही है। ऐसा अमानवीय व्यवहार क्यों... मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपमानित और हतोत्साहित करने के लिए ही यह अमानवीय कृत्य किया जा रहा है. आज लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है।"

'तानाशाह बनने की कोशिश न करें'

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और जेल में उनके साथ किए जा रहे कथित अमानवीय व्यवहार के लिए आप नेता संजय सिंह ने भाजपा शासित केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह से दिल्ली सीएम के अधिकार नहीं छीनने की अपील की। पीसी के दौरान संजय सिंह ने कहा, "मैं पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध करूंगा कि वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अधिकारों को न छीनें। ये अधिकार उन्हें संवैधानिक, लोकतांत्रिक, कानूनी और जेल नियमों के तहत मिले मिले हैं। तानाशाह बनने की कोशिश न करें।"

इसके अलावा आप नेता ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को जेल में अरविंद केजरीवाल से मिलने नहीं दिए जाने की भी आलोचना की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जेल प्रशासन ने केजरीवाल के साथ होने वाली पंजाब सीएम और एक सांसद की मुलाकात को आखिरी समय में रद्द कर दिया। आप नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमें बताया गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विंडो बॉक्स के जरिए मिलना होगा। आप दिल्ली के मुख्यमंत्री, पंजाब के मुख्यमंत्री का अपमान कर रहे हैं, अरविंद केजरीवाल को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ मेरी बैठक रद्द कर दी गई है, यह भारतीय कानून का मजाक बनाया जा रहा है।"

Created On :   13 April 2024 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story