एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम का धमाका, कजाकिस्तान को 21-0 से रौंदा

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम का धमाका, कजाकिस्तान को 21-0 से रौंदा
हाईलाइट
  • पहले मैच में भारतीय टीम मेजबान इंडोनेशिया को 8-0 से हरा चुकी है।
  • भारतीय टीम का अगला मुकाबला अब 25 अगस्त को दक्षिण कोरिया से है।
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने कजाकिस्तान को 21-0 से हराया।

डिजिटल डेस्क, जकार्ता। एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कजाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की है। भारतीय टीम ने अपने दूसरे मैच में कजाकिस्तान को 21-0 से रौंद दिया है। इससे पहले भारतीय टीम पूल-बी के अपने पहले मैच में मेजबान इंडोनेशिया को 8-0 से हरा चुकी है।

मंगलवार को हुए मुकाबले में कजाकिस्तान की टीम भारतीय टीम के आगे पूरी तरह से बेबस नजर आई। हालत यह रही कि हर तीसरे मिनट में भारतीय स्ट्राइकर्स गोल करती गईं। मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम की चार खिलाड़ियों ने हैट्रिक बनाई। इनमें गुरजीत कौर ने 4 और नवनीत कौर, लालरेमसियामी व वंदना कटारिया ने 3-3 गोल दागे। इनके अलावा नवजोत कौर और लिलिमा मिंज ने 2-2 और नेहा गोयल, उदिता, मोनिका व दीप ग्रेस एक्का ने 1-1 गोल किए।  पूल बी के मैच में भारत ने 18 खिलाड़ियों को आजमाया, जिसमें से 10 खिलाड़ियों ने विरोधी गोलपोस्ट पर सेंध लगाई।

एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय महिला हॉकी टीम की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों में हांगकांग को 22-0 से हराया था। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अपने पूल में टॉप पर आ गई है। पूल-ए में जापान की टीम टॉप पॉजिशन पर है।
 


बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम FIH रैंकिंग में नौंवे स्थान पर है, जबकि कजाखस्तान 34वें स्थान पर है। एशियन गेम्स में भारत सबसे बेहतर रैंकिंग वाली टीम है। भारतीय टीम का अगल मुकाबला अब 25 अगस्त को दक्षिण कोरिया के खिलाफ होना है।

गौरतलब है कि सोमवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी 18वें एशियाई खेलों में अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से रौंद दिया था। यह भारत की एशियाड में अब तक की सबसे बड़ी जीत थी।

 

Created On :   21 Aug 2018 7:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story