प्रणब मुखर्जी, नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को भारत रत्न

प्रणब मुखर्जी, नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को भारत रत्न
हाईलाइट
  • नानाजी देशमुख (मरणोपरांत)
  • डॉ भूपेन हजारिका (मरणोपरांत) और पूर्व राष्ट्रपति डॉ प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
  • भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नानाजी देशमुख (मरणोपरांत), डॉ. भूपेन हजारिका (मरणोपरांत) और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। प्रणब मुखर्जी रक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, परिवहन मंत्रालय, संचार मंत्रालय, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय समेत कई मंत्रालय संभाल चुके हैं। वहीं भूपेन हजारिका ने 10 साल की उम्र में सबसे पहला गाना रिकॉर्ड किया था। जबकि नानाजी देशमुख एक भारतीय समाजसेवी थे। भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह राष्ट्रीय सेवा में किए गए असाधारण काम के लिए दिया जाता है।

पीएम मोदी ने कहा, "प्रणब दा भारतीय राजनीति में एक महान नाम हैं। उन्होंने दशकों तक देश की निस्वार्थ और अथक सेवा की है। उनके काम ने देश के विकास दर पर एक मजबूत छाप छोड़ी है। उनकी बुद्धि और समझ में काफी समानताएं हैं। मैं खुश हूं कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।"

पीएम मोदी ने कहा, "भूपेन हजारिका के गानों ने पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को आनंदित किया है। उन्होंने अपने गानों से न्याय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने वर्ल्ड लेवल पर भारत की संगीत परंपराओं को लोकप्रिय बनाया। मुझे खुशी है कि भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।"

पीएम ने नानाजी देशमुख को लेकर कहा, "नानाजी ने ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने हमारे गांव के लोगों को सशक्त बनाया और नई राह दिखाई। वह दलितों के प्रति विनम्रता, करुणा और सेवा का परिचय देते हैं। वह सही मायनों में भारत रत्न हैं।"

बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे भूपेन हजारिका 
भूपेन हजारिका भारत के नॉर्थ ईस्ट राज्य असम के रहने वाले थे। वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। भूपेन गीतकार होने के साथ-साथ संगीतकार और गायक भी थे। इसके अलावा वह असमिया भाषा के कवि, फिल्म प्रोड्यूसर और लेखक थे। हजारिका ने 10 साल की उम्र में सबसे पहला गाना रिकॉर्ड किया था। उन्हें गाने की प्रेरणा भी अपने मां से मिली है। उन्होंने 1939 में 12 साल की उम्र में फिल्म इंद्रमालती के लिए काम किया था। 13 साल की उम्र में हजारिका ने अपना सबसे पहला गाना लिखा था। हजारिका को पद्मभूषण और दादा साहेब फाल्के अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

नानाजी देशमुख का संघ से नाता
नानाजी देशमुख को 2019 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। वह एक भारतीय समाजसेवी थे। नानाजी का जन्म महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कडोली नामक छोटे से कस्बे में हुआ था। अटलजी के कार्यकाल में भारत सरकार ने उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान के लिये पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया था। 1940 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ संस्थापक हेडगेवार के निधन के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन संघ के नाम कर दिया था। नानाजी देशमुख का निधन 27 फरवरी, 2010 को हुआ था।

कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता रहे हैं प्रणब मुखर्जी
प्रणब मुखर्जी देश के 13वें राष्ट्रपति रहे हैं। वह इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता भी रहे हैं। केंद्र में यूपीए के दूसरे कार्यकाल के दौरान मुखर्जी भारत के वित्त मंत्री भी रहे थे। प्रणब मुखर्जी 1984 में भारत के वित्तमंत्री बने। प्रणब मुखर्जी यूपीए कार्यकाल में लगभग सभी पद को संभाल चुके हैं। वह रक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, परिवहन मंत्रालय, संचार मंत्रालय, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय समेत कई मंत्रालय संभाल चुके हैं।

Created On :   25 Jan 2019 3:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story