नौकरी की बजाए पान की दुकान से लाखों कमा सकते हैं युवा - CM बिप्लब देब

biplab dev said youth would have got 5 lac rupees if they set up paan shop
नौकरी की बजाए पान की दुकान से लाखों कमा सकते हैं युवा - CM बिप्लब देब
नौकरी की बजाए पान की दुकान से लाखों कमा सकते हैं युवा - CM बिप्लब देब

डिजिटल डेस्क, अगरतला। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद से ही लगातार अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। महाभारत और डायना हेडन पर बयान के बाद अब बिपल्प देब ने युवाओं के रोजगार को लेकर बड़ा बयान दिया है। बिप्लब देब का कहना है कि युवा सरकारी नौकरी के पीछे भागने में समय बर्बाद करने की बजाए पान की दुकान खोलकर लाखों रुपए कमा सकते हैं।


 

 

पान की दुकान खोलते तो होता 5 लाख का बैंक बैलेंस

सीएम बिप्लब देब ने रोजगार की तलाश कर रहे और सरकारी नौकरियों की तैयारियों में जुटे युवाओं को लेकर कहा कि युवा कई सालों तक सरकारी नौकरी के पीछे भागते रहते हैं। इसके लिए राजनीतिक दलों के पीछे भी पड़े रहते हैं और इसी दौरान युवा अपनी जिंदगी का अहम समय बर्बाद कर देते हैं। अगर यही युवा सरकारी नौकरी तलाशने की बजाय पान की दुकान लगा लेता या फिर गाय पाल लेता तो उसके बैंक खाते में अब तक 5 से 10 लाख रुपये जमा हो जाते। 

 



एक कार्यक्रम में बोले बिप्लब देब

शनिवार को राजधानी अगरतला में विश्व पुशपालन दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम बिप्लब देब ने ये बाते कहीं। उन्होंने कहा लोगों की ऐसी सोच है कि ग्रेजुएट व्यक्ति खेती नहीं कर सकता है। मुर्गी पालन नहीं कर सकता। क्योंकि इससे उसका लेवल गिरता है। सीएम ने कहा कि विकास के लिए ऐसे रोजगार काफी अहम भूमिका निभाते हैं। हमें इसे अपनाने में संकोच नहीं करना चाहिए। बता दें कि सीएम बिप्लब देव ने केंद्र सरकार की मुद्रा योजना की तारीफ में ये बातें कहीं। यह योजना छोटे बिजनेस के लिए लोन मुहैया कराती है।

 



सिविल सर्विसेज, सिविल इंजीनियर्स के लिए होती हैं
इससे पहले भी कई बयानों को लेकर सीएम सुर्खियों में रह चुके हैं। हाल ही में 27 अप्रैल को सिविल सर्विस डे के मौके पर सिविल सेवा परीक्षा के लिए तैयारी कर रहे युवाओं को संबोधित करते हुए बिप्लब देब ने कहा था कि सिविल सर्विसेज मैकेनिकल इंजीनियर्स के लिए नहीं बल्कि सिविल इंजीनियर्स के लिए होती हैं। उन्होंने आगे कहा मैकेनिकल इंजीनियर्स को सिविल सेवाएं नहीं चुनना चाहिए। सिविल इंजीनियर्स को सिविल सर्विस की परीक्षाएं चुनना चाहिए। 

 



डायना हेडन पर बयान देकर चर्चा में आए थे बिप्लब देब

इससे पहले बिप्लब देव डायना हेडन पर बयान देकर चर्चा में आए थे। बिप्लब देव ने कहा था कि आज की महिलाएं खूबसूरती के लिए ब्यूटी पार्लर पर निर्भर हैं। जबकि भारतीय महिलायें ऐसा नहीं करती थीं। उन्होंने कहा 1997 में मिस इंडिया वर्ल्ड बनीं डायना हेडन इस काबिल नहीं थीं। साथ ही जनता से सवाल भी किया आपको  क्या लगता है, वो इस ख़िताब के लायक थीं। 

 



डायना हेडन ने भी दिया था सीएम को जवाब

सीएम बिप्लब देब को आड़े हाथों लेते हुए डायना हेडन ने जवाब दिया था कि बिप्लब देब कम से कम मुख्यमंत्री पद की गरिमा का ख्याल रखें। उन्होंने कहा था कि सांवले रंग से क्या उनको शर्म आती है और अगर ऐसा है भी तो वो गलत हैं। सांवला रंग भारतीयों का गर्व है।

 



महाभारत काल में इंटरनेट को लेकर दिया था बयान 

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सीएम बिपल्ब देब ने कहा था कि महाभारत काल में भी इंटरनेट और सैटेलाइट की सुविधा उपलब्ध थी। इसी सुविधा की मदद से संजय धृतराष्ट्र को महाभारत का आंखों देखा हाल सुना सकते थे। हालांकि इस दावे को लेकर वो सीएम सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी हुए थे।

 

Created On :   29 April 2018 5:06 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story