BJP सांसद सावित्री बाई फुले बोलीं- जिन्ना महापुरुष, देश के लिए लड़े थे

BJP सांसद सावित्री बाई फुले बोलीं- जिन्ना महापुरुष, देश के लिए लड़े थे

डिजिटल डेस्क, बहराइच। मणिशंकर अय्यर के बाद अब भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने मोहम्मद अली जिन्ना को महापुरुष बताया है। उत्तर प्रदेश के बहराइच से सांसद सावित्री बाई फुले ने पार्टी लाइन के विपरीत जाकर कहा कि ऐसे महापुरुष की तस्वीर जहां जरूरत हो उस जगह पर लगाई जानी चाहिए। जिन्ना देश के महापुरुष थे, हैं और रहेंगे।

 

सावित्री बाई फुले ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में उनका योगदान था। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के असल मुद्दों, गरीबी, भुखमरी से ध्यान हटाने के लिए इस मामले को उठाया जा रहा है। बता दें कि सावित्री बाई फुले ने पहले से ही अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। 

 


मुझे भी नहीं मिला सम्मान-सावित्री

सावित्री बाई फुले बीजेपी के खिलाफ हर मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। सांसद सावित्री बाई फुले ने यूपी कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के पिछड़ों की उपेक्षा वाले बयान को सही बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा उनके साथ भी होता रहा है, उन्हें वाजिब मान-सम्मान नहीं मिला। उन्हें भारत की सांसद न कहकर दलित सांसद कहा जाता है। 

 

दलित आंदोलन का मुआवजा दे सरकार

सावित्री बाई फुले ने यह भी कहा कि देश में किसी को सम्मान नहीं मिलता है, देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भारत का राष्ट्रपति न कहकर दलित राष्ट्रपति कहा जाता है। इससे पहले दलित आंदोलन के बाद फुले ने कहा था कि राज्य सरकार भारत बंद के दौरान मारे गए लोगों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत बंद के दौरान मारे गए हैं, सरकार उन्हें 50-50 लाख रुपये मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दें।

 

एएमयू से शुरू हुआ जिन्ना तस्वीर विवाद


बता दें कि एएमयू में जिन्ना की तस्वीर को लेकर विवाद चल रहा है। यह विवाद तब उठा, जब अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम ने मामला उठाया। बताया जा रहा है कि जिन्ना 1938 में अलीगढ़ यूनिवर्सिटी आए थे। उन्हें यूनियन द्वारा कई अन्य लोगों की तरह मानद उपाधि दी गई थी। छात्रसंघ ने 1920 में आजीवन सदस्यता देने की शुरुआत की थी। तब महात्मा गांधी और जिन्ना को भी सदस्यता मिली थी और तभी वहां जिन्ना की तस्वीर लगाई गई थी।  

Created On :   11 May 2018 2:39 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story