भाजपा ने शुरु किया - भारत के मन की बात,मोदी के साथ

भाजपा ने शुरु किया - भारत के मन की बात,मोदी के साथ
हाईलाइट
  • 'भारत के मन की बात
  • मोदी के साथ' नाम से शुरु किया कैंपेन।
  • जनता से सीधे जुड़ेगी भाजपा।
  • भाजपा ने शुरु किया नया कैंपेन।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए राजनीति दलों ने अपनी कमर कस ली है। लोकसभा चुनाव से पहले जनता को खुश करने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। अंतिम बजट में आम जनता को राहत के बाद, बीजेपी अब सीधे जनता से जुड़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने  रविवार को नई दिल्ली में एक नए कैपेंन की शुरुआत की। इस नए कैंपेन का नाम "भारत के मन की बात,मोदी के साथ" है। इस अभियान के जरिए बीजेपी विभिन्न माध्यमों के जरिए देश की जनता से संपर्क साधेगी।

 

पीएम की दूरदर्शी नीति-

अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि "भारत के मन की बात,मोदी के साथ" अपने आप में एक अनोखा कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा, "साल 2014 के पहले देश में जो स्थिति थी, वो लोकतंत्र में जनता की आस्था को डिगाने वाली थी। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की हालात को बदला है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नीतियों के कारण देश में दीर्घकालिक विकास की नींव रखी गई है।" 

भाजपा सबसे अलग- 

शाह ने अपने संबोधन में भाजपा को दूसरी पार्टी को अलग बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और दूसरी पार्टियों में काफी अंतर है। भाजपा देश की एक मात्र पार्टी है जिसके अंदर आतंरिक लोकतंत्र है। जिस पार्टी में आतंरिक लोकतंत्र होता है, वही पार्टी देश के लोकतंत्र को आगे ले जा सकती है। शाह ने कहा, "भारत के मन की बात,मोदी के साथ" लोकतंत्र का अनुठा प्रयोग है। जनता कैसा देश चाहती हैं, ये बात उनसे जानी जाएगी।" भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि, "भारत के मन की बात,मोदी के साथ" कार्यक्रम बीजेपी का नहीं, बल्कि देश का कार्यक्रम है। ये कार्यक्रम देश को सुरक्षित करने, गरीब का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए है। ये कार्यक्रम नए भारत बनाने के लिए है। 

जनता की उम्मीद-

इस मौके पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "जो जनता के लिए कार्य करता है, जनता उसी से उम्मीद करती है। जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वीकार की है। जनता की उम्मीदों को सम्मान देना बीजेपी नैतिक दायित्व मानती है। हम आगे क्या-क्या कर सकता हैं, इस पर जनता की राय जानी जाएगी।" उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। देश में पहली बार कोई राजनीतिक दल अपना संकल्प पत्र बनाने के लिए बड़े स्तर पर जनसंपर्क करने जा रहा है।

Created On :   3 Feb 2019 8:20 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story