ब्राजील में बांध ढहने से मची तबाही, 40 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा लापता

ब्राजील में बांध ढहने से मची तबाही, 40 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा लापता
हाईलाइट
  • 40 लोगों के शव बरामद 300 से ज्यादा लोग लापता
  • दक्षिण पूर्व ब्राजील के मिनास गेरेस राज्य में बेलो होरिजोंटो शहर में बांध टूटने से तबाही
  • रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

डिजिटल डेस्क, ब्रासिलिया। दक्षिण पूर्व ब्राजील के मिनास गेरेस राज्य में बेलो होरिजोंटो शहर के पास बांध ढह जाने से मची तबाही में अब तक 40 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम ने 40 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। जानकारी के मुताबिक 300 लोग लापता हैं। इनमें से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। शुक्रवार को आई बाढ़ की वजह ब्रुमाडिनो शहर के आस-पास के खेत इसकी जद में आ गए। शनिवार को कई हेलीकॉप्टरों को बचाव कार्य में लगाया गया, क्योंकि बांध ढहने से निकला गाद इमारतों में भर गया है।

बेलो होरिजोंटो में रुक रुक कर हो रही बारिश की वजह से बचाव कार्य में परेशानी हो रही है। कई लापता लोगों के परिजन अपनों की तलाश में लगे हैं। जानकारी के मुताबिक बांध ढहने के पीछे  कंस्ट्रक्शन कंपनी को जिम्मेदार बताया जा रहा है। जिसको लेकर राज्य के गवर्नर रोमेयू जेमा ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि जिस खदान के पास बांध का निर्माण हुआ है उस खदान पर ब्राजील की कंपनी "वेल" का मालिकाना हक है जो इसका संचालन भी करती है। 

शुक्रवार की दोपहर को जब बांध ध्वस्त हुआ, तब कर्मचारी भोजन कर रहे थे। देखते ही देखते पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया और हर तरफ केवल मलबा नजर आने लगा। कंपनी के अधिकारियों ने भी कहा कि करीब 100 कर्मचारी सुरक्षित मिल गए हैं, लेकिन शनिवार को ही कंपनी ने एक बयान में कहा कि 200 कर्मचारी अब तक लापता हैं, जबकि दमकल अधिकारियों ने यह संख्या करीब 300 बताई है। बचाव कर्मियों ने शनिवार को 43 लोगों को जीवित निकाला, जिससे उम्मीद है कि और लोग भी जीवित होंगे। 

Created On :   27 Jan 2019 4:56 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story