त्रिपुरा : बाढ़ पीड़ितों से मिले सीएम बिप्लब देब, 5 लाख के मुआवजे का ऐलान

त्रिपुरा : बाढ़ पीड़ितों से मिले सीएम बिप्लब देब, 5 लाख के मुआवजे का ऐलान

डिजिटल डेस्क, अगरतला।  विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब इस बार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पानी में उतरने को लेकर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल हाल ही में देशभर में आए तूफान और बारिश ने त्रिपुरा में भी अपना कहर बरपाया। जिससे त्रिपुरा के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए। वहीं लैंड स्लाइड से कुछ लोगों की जान भी चली गई है। इसकी खबर मिलते ही सीएम बिप्लव देब बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने निकल पड़े।

 

 

इस दौरान उन्होंने हवाई जहाज से नहीं, बल्कि आम लोगों की तरह पानी में उतर कर जायजा लिया। और घर-घर जाकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा भी दिलाया। सीएम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 5-5 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा भी की। 

 


 

सीएम ने ट्विटर पर दी जानकारी

सीएम बिप्लब कुमार देब ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा अगरतला के बाढ़ प्रभावित बनमालीपुर इलाके में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दौरा कर रहा हूं, जिससे प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत पहुंच सके। बता दें कि अगरतला का बनमालीपुर इलाका पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है।

 

 

सीएम ने यहां बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया और पर्याप्त सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया। सीएम ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच लाख और बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण के लिए एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

 

 

 

गौरतलब है कि शुक्रवार को पश्चिमी त्रिपुरा में दो अलग-अलग घटनाओं में लैंड स्लाइड की वजह से कच्चे घर गिरने से एक बच्चे और एक महिला समेत करीब चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक तेज बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में दो घर आ गए। हेजमारा में मिट्टी का घर ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

मृतकों में 40 वर्षीय शनीराम , उसकी 35 वर्षीय पत्नी अमितबाला और उनके तीन साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि उसी परिवार का एक लड़का घायल हो गया। वहीं हेजमारा में हुए दूसरे हादसे में घर ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Created On :   19 May 2018 5:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story