पूरी रात चलता रहा इबादतों का दौर, लोगों ने की अमन-ओ-चैन की दुआ

पूरी रात चलता रहा इबादतों का दौर, लोगों ने की अमन-ओ-चैन की दुआ

डिजिटल डेस्क, मुरादाबाद। मंगलवार की रात देशभर में अमन-ओ-चैन की दुआ के साथ शब-ए-बारात हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी इस रात को मिल्लत और अकीदत के साथ मनाया गया। इस मौके पर खास तौर पर कब्रिस्तानों को दिये की रौशनी के साथ सजाया गया था और मस्जिदों को झालरों से रौशन किया गया। इस मौके को और खास बनाने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आतिशबाजी भी की। कब्रिस्तानों पर आकर अपने पुरखों की कब्र पर चिराग जलाया। पास बैठकर फातिहा पढ़ी। कहा जाता है कि इस दिन किे गए गुनाहों की सच्चे दिल से माफी मांगने से दुआ कुबूल होती है। यह भी कहा जाता है कि इस दिन जो रोज़ा रखता है। उसे एक रोज़े का शबाब एक हजार के बराबर अता की जाती है। 
 


सुबह से ही चल रही थी तैयारियां

शब ए बारात की तैयारियां सुबह से ही चल रही थीं। जिसके बाद शाम चार बजे के बाद से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कब्रिस्तानों की ओर अपना रुख किया और यहां पहुंचकर महिला-पुरुष सभी ने अपने पूर्वजों की कब्र के पास फातिहा पढ़ने के बाद अमन-चैन की दुआ की। वहीं इसे लेकर कई इलाकों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दिन लोग अल्लाह-ताला से अपने द्वारा किए गए गुनाहों की माफी मांगते हैं। 
 


इबादतों का दौर चला पूरी रात

पूरी रात इबादतों का दौर चलता रहा। लोगों ने रो-रोकर अल्लाह-ताला से अपने गुनाहों के लिए माफी मांगी। मुस्लिम महिलाएं घरों में हलवा व तरह-तरह के पकवान बनाने में मशगूल रहीं। शाम होते ही पकवान का फातिहा कराने के बाद पड़ोसी, रिश्तेदार व दोस्तों में बांटा गया। स्थानीय नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शब-ए-बारात यानि इबादत की रात के इस त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। 
 


क्यों मनाई जाती है "शब-ए-बारात"

माहे शाबान की 15वीं रात को शब-ए-बारात कहा जाता है। शब का अर्थ है रात और बारात का अर्थ है बरी होने वाला। इस रात मुस्लिम समुदाय के लोग तौबा करके गुनाहों से दूर रहने का वादा करते हैं और अल्लाह की रहमत से बेशुमार मुसलमान जहन्नम से निजात पाते हैं। इसलिए इस रात को शब-ए-बारात कहते हैं, इस रात को बरकतों वाली रात भी कहा जाता है।

Created On :   2 May 2018 3:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story