दिग्विजय सिंह ने कुछ नहीं किया, बस दिल्ली से 'आइटम' लेकर आए : बीजेपी सांसद

Digvijaya Singh did nothing for MP but brought an item from Delhi says BJP MP Manohar Untwal
दिग्विजय सिंह ने कुछ नहीं किया, बस दिल्ली से 'आइटम' लेकर आए : बीजेपी सांसद
दिग्विजय सिंह ने कुछ नहीं किया, बस दिल्ली से 'आइटम' लेकर आए : बीजेपी सांसद

डिजिटल डेस्क, देवास। मध्य प्रदेश की देवास सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लोकसभा सांसद मनोहर उंटवाल ने दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह को लेकर एक बेहद ही शर्मनाक बयान दिया है। उन्होंने देवास में एक कार्यक्रम के दौरान दिग्विजय की पत्नी पर कमेंट करते हुए कहा कि "दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के लिए कुछ भी नहीं किया, लेकिन दिल्ली से एक "आइटम" जरूर लेकर आ गए।" इस बयान के बाद विवाद बढ़ता देख उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत पेश किया गया। बता दें कि दिग्विजय ने अमृता राय से अगस्त 2015 में शादी की थी।

बीजेपी सांसद ने क्या कहा?

दरअसल, गुरुवार को बीजेपी ने संसद नहीं चलने के विरोध में एक दिन का उपवास रखा था। इस दौरान सभी सांसदों ने भी अपने क्षेत्रों में एक दिन का उपवास रखा। इसी दौरान देवास से बीजेपी सांसद मनोहर ऊंटवाल ने दिग्विजय सिंह पर तो हमला किया ही, साथ ही उनकी पत्नी को लेकर बेहद ही आपत्तिजनक बात कह डाली। मनोहर उंटवाल ने कहा "दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन दिल्ली से एक "आइटम" जरूर लेकर आ गए। उनके साथ नर्मदा यात्रा पर भी निकल गए। अभी कह रहे हैं कि साधुओं को लाल बत्ती दे दी, उनसे इनको तकलीफ हो रही है।"

 

 

 



बयान के बाद दी सफाई

बीजेपी सांसद के इस बयान के बाद जमकर विवाद भी हुआ। विवाद बढ़ता हुआ देख बीजेपी सांसद ने अपने बयान पर सफाई भी दी। उन्होंने अपनी सफाई देते हुए कहा "मैं दिग्विजय सिंह जी की बहुत इज्जत करता हूं। मैं महिलाओं की भी इज्जत करता हूं। मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मैं उनकी पत्नी के बारे में बात नहीं कर रहा था।"

 



हाल ही नर्मदा यात्रा से लौटे हैं दिग्विजय

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की "नर्मदा परिक्रमा पदयात्रा" 9 अप्रैल को ही खत्म हुई है। दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा की शुरुआत पिछले साल 30 सितंबर को नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट से अपनी पत्नी अमृता राय के साथ शुरू किया था। दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी के साथ 192 दिन में 3300 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। इस दौरान उन्होंने रोजाना 20-25 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया।दिग्विजय सिंह ने अपनी यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश की करीब 120 विधानसभा सीटों को कवर किया। नर्मदा परिक्रमा यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह राजनीति से दूर ही रहे। हालांकि उन्होंने भी अपनी इस यात्रा को आध्यात्मिक और धार्मिक बताया था। यात्रा के दौरान दिग्विजय के साथ उनकी पत्नी अमृता और साधुओं-भक्तों की टोली ही चलती रही। इस दौरान उन्होंने राजनीति से जुड़े सवालों का भी जवाब भी नहीं दिया और जब उनसे कोई राजनीतिक सवाल पूछा भी गया तो वो सिर्फ "हर-हर नर्मदे" कहकर चले जाते थे।

Created On :   13 April 2018 5:12 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story