जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: सुधीर नायक अध्यक्ष और राजेश तिवारी सचिव निर्वाचित

District Advocate General Election: Sudhir Nayak President and Rajesh Tiwari elected secretary
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: सुधीर नायक अध्यक्ष और राजेश तिवारी सचिव निर्वाचित
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: सुधीर नायक अध्यक्ष और राजेश तिवारी सचिव निर्वाचित

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में सुधीर नायक अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। श्री नायक इसके पूर्व वर्ष 2003 में भी जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष आरके सिंह सैनी को 82 मतों से पराजित किया। सचिव पद पर राजेश तिवारी विजयी हुए हैं। एचआर नायडू और मंजू सिंह ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। परिणाम की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने जमकर खुशियां मनाईं। रात 10 बजे मतगणना का काम रोक दिया गया।

सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, पुस्तकालय सचिव और कार्यकारिणी सदस्य के पदों पर बुधवार सुबह 11 बजे से मतगणना की जाएगी। मंगलवार सुबह 11 बजे से जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय में मतगणना का काम शुरू किया गया। प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटी खोली गई। अध्यक्ष सहित अन्य पदों के मतों को अलग किया। इसके बाद मतों के अलग-अलग बंडल बनाए गए। इस काम में दोपहर 2 बज गए। लंच के बाद दोपहर 2.30 बजे से अध्यक्ष पद की मतगणना शुरू की गई। शुरूआती दौर में पूर्व अध्यक्ष श्री सैनी ने बढ़त बनाई। इसके बाद श्री नायक एक बार आगे हुए तो वे अंत तक आगे ही रहे। शाम 5.30 बजे अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया गया।

पहली महिला उपाध्यक्ष बनी मंजू सिंह
जिला अधिवक्ता संघ में पहली बार महिला उपाध्यक्ष बनने का अवसर मंजू सिंह को मिला। मंजू सिंह को 746 और नीलम दत्त को 480 मत मिले। पुरूष उपाध्यक्ष पद पर 603 मत लेकर एचआर नायडू ने जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी उमेश जोगी को 531 मत मिल पाए।

रात 10 बजे आया सचिव पद का परिणाम
सचिव पद का परिणाम रात 10 बजे घोषित किया गया। राजेश तिवारी ने 443 मत हासिल कर कांटे की टक्कर में जीत दर्ज की है। इसके अलावा राजू मलैया को 268, दिलीप श्रीवास्तव को 257, शैलेन्द्र सिंह को 249, विकास पटेल को 238, सचिन गुप्ता को 174, प्रशांत कोहाड़े को 128, पीएन सिंह को 94, नवरत्न पचौरी को 80 और रूद्रप्रताप सिंह को 24 मत मिले। उसके बाद मतगणना रोक दी गई।

मतगणना का लाइव प्रसारण मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक गुप्ता, सहायक चुनाव अधिकारी मनीष मिश्रा, सुशील अग्रवाल और अभय जैन ने बताया कि मतगणना में पारदर्शिता लाने के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। लाइव प्रसारण के लिए अधिवक्ता संघ के हॉल में टीवी लगाई गई थी। पूरे समय अधिवक्ता मतगणना का लाइव प्रसारण देखते रहे।

वकीलों के लिए सीटों की व्यवस्था करना प्राथमिकता अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद श्री नायक ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता नई बिल्डिंग में वकीलों के लिए सीटों की व्यवस्था करना है। सीट आवंटन को लेकर वकीलों में नाराजगी है। वकीलों को उनकी वरिष्ठता के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी। इसके अलावा अधिवक्ता बिल्डिंग की साफ-सफाई, नई बिल्डिंग की एप्रोच रोड का निर्माण और पार्किंग को व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराना और अधिवक्ताओं की मृत्यु और बीमारी में मिलने वाली सहायता राशि के लिए भी प्रयास किया जाएगा।

किसको कितने मत मिले
सुधीर नायक- 730 आरके सिंह सैनी- 648 संपूर्ण तिवारी- 329हरजीत अरोरा- 176 हीरालाल चक्रवर्ती- 69 संदीप सिंह चौहान- 15 अवैध- 9

 

Created On :   19 Feb 2019 5:01 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story