दैनिक भास्कर के डॉ. अथौबा मैतै हिंदी सेवी प्रचारक सम्मान से सम्मानित

Dr Khaidem Athoba honored with the Hindi Sevi Pracharak Samman
दैनिक भास्कर के डॉ. अथौबा मैतै हिंदी सेवी प्रचारक सम्मान से सम्मानित
दैनिक भास्कर के डॉ. अथौबा मैतै हिंदी सेवी प्रचारक सम्मान से सम्मानित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दैनिक भास्कर के संपादकीय सहयोगी डॉ. खाईदेम अथौबा मैतै को हिंदी सेवी प्रचारक सम्मान से सम्मानित किया गया है। अभ्युदय बहुउद्देशीय संस्था वर्धा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान मिला। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यक्षेत्र में अपना जीवन समर्पित कर निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले अन्य सत्कारमूर्तियों को भी हिंदी सेवा प्रचार सम्मान से सम्मानित किया गया। खास बात है कि अथौबा मणिपुर के रहने वाले हैं, लेकिन हिन्दी के प्रति उनके मन में खासी निष्ठा है। अथौबा का कहना है कि वो हिन्दी भाषा से प्रेम करते हैं।

भारतीय भाषाओं का आपस में टकराव नहीं होना चाहिए
इस मौके पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने कहा कि भाषा हमारे लिए उपलब्धि का ऐसा माध्यम है, जिसका जितना उपयोग किया जाए, उतना ही अच्छा है। यह देखा जाता है कि हिन्दी भाषिकों ने ही हिन्दी का नुकसान किया है। देश बहुत विचित्र दिशा में जा रहा है, इसलिए इन सब बातों को छोड़कर अपनी भाषा पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। भारतीय भाषाओं का आपस में टकराव नहीं होना चाहिए। भाषा ही है, जो एक सूत्र में बांधने का काम करती है। इसलिए उस पर सभी का नियंत्रण होना जरूरी है। कार्यक्रम मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार और केंद्रीय हिंदी निदेशालय नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया गया था।

हिंदी को और सशक्त बनाएं
समारोह का आयोजन महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा प्रचार सभा, राष्ट्रभाषा संकुल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने किया। प्रमुख अतिथि अखिल भारतीय हिंदी संस्था नई दिल्ली कार्याध्यक्ष के डॉ. गिरीश गांधी, महात्मा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान सेवाग्राम के डीन डॉ. के. आर. पातोंड थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामदेव अभियांत्रिकी महाविद्यालय विभाग प्रमुख तथा अभ्युदय बहुउद्देशीय संस्था वर्धा के उपाध्यक्ष प्रा. विनय बारहाते, मनपा की पूर्व सदस्य एड. रेखा बाराहाते उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभ्युदय बहुउद्देशीय संस्था के अध्यक्ष वैद्यनाथ अय्यर ने की।

अतिथियों का स्वागत
इस दौरान अभ्युदय बहुउद्देशीय संस्था सचिव नरेन्द्र दंढारे ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। समारोह में डॉ. गांधी ने कहा, हिंदी भाषा हमारी राष्ट्रभाषा है। इसलिए प्रत्येक भारतवासी को हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। एक बात मैं कहना चाहता हूं कि नेताओं को चुनाव जीतने के लिए हिंदी भाषा का प्रयोग करना आवश्यक होता है। तभी वे चुनाव जीतने में सफल हो सकते हैं। हमारे कवि, लेखक समाज के प्रहरी हैं। उनकी रचानाओं से समाज के लोगों को फायदा मिलता है तथा नया सीखने को भी मिलता है। गांधी ने समाज के प्रत्येक वर्ग से हिंदी भाषा को और भी सशक्त बनाने की अपील की। कार्यक्रम में माधवी नरेन्द्र गोपल द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से दी गई।

ये भी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में हिंदी सेवी प्रचारक सम्मान से जयप्रकाश सूर्यवंशी, अविनाश बागडे, हिरामन लांजे, प्रभा मेहता, डॉ. एच. ए. हुंनगुन, मधु पाटोदिया, इंदिरा किसलय, डॉ. विजयलक्ष्मी रामटेके, विनोद नायक, पुष्पा साखरे, संजय पवार, इमरान राही, चंद्रशेखर दंढारे, डॉ. अर्चना पाठ्या, मुकुंद राहुड, अंशुमान सिंह, डॉ. रंजना प्रदीप दाते, मंदा किशन पातोंड, अनिल नरेडी, सुनील कालरा, सुरेश शेंडे, सुधीर पांगुल, राजेश नामदेव, संगीता तिगांवकर को भी सम्मानित किया गया।

Created On :   29 March 2018 4:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story