वाराणसी में गंगा खतरे के निशान पर, सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से लिया बाढ़ का जायजा

Ganga river near danger mark in Varanasi CM Yogi Adityanath in up flood area
वाराणसी में गंगा खतरे के निशान पर, सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से लिया बाढ़ का जायजा
वाराणसी में गंगा खतरे के निशान पर, सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से लिया बाढ़ का जायजा
हाईलाइट
  • यूपी के वाराणसी शहर में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं।
  • सीएम योगी ने शनिवार को हेलिकॉप्टर से बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा कर लोगों का हालचाल जाना।
  • सीएम शनिवार को गोंडा में पालहापुर बाढ़ चौकी क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे।

डिजिटल डेस्क, वाराणसी/गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हेलिकॉप्टर से बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा कर लोगों का हालचाल जाना। सीएम शनिवार को गोंडा में पालहापुर बाढ़ चौकी क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने के लिए पहुंचे। यहां सीएम ने पीड़ितों को तत्काल राहत देने का भरोसा भी दिया। वहीं बात करें पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की, तो यहां गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। यहां लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ता ही जा रहा है।

 



वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ करीब 1.10 बजे हेलिकॉप्टर से गोंडा पहुंचे थे। इसके बाद सीएम ने पहले सेफ हाउस में तैयारियों व स्थितियों की समीक्षा की। यहां के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सीएम को बाढ़ पीड़ितों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद यहां सीएम ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे आपदा की इस घड़ी में मिलकर आगे आएं और पीड़ितों की मदद करें।

 

 

सीएम योगी ने यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। बाढ़ प्रभावित गांवों के साथ ही बांध भी देखा। उनके साथ सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव व विशेष सचिव मुख्यमंत्री अविनाश कुमार रहे। सीएम ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिया कि उनके लिए पूरी सरकार खड़ी है।

 

 

प्रति घंटा आधा सेमी बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
गंगा नदी की बात करें तो वह भी लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ऊफान पर है। गंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया है। वाराणसी और इलाहाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई है। स्थानीय प्रशासन ने यहां अलर्ट जारी कर दिया है। गंगा का बहाव प्रति घंटा आधा सेंटीमीटर बढ़ रहा है।

 

 

शनिवार को फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.31, छतनाग में 77.34 और नैनी में 77.97 मीटर दर्ज किया गया था। पिछले मंगलवार को फाफामऊ में 78.40, छतनाग में 77.08 और नैनी में 77.82 मीटर दर्ज किया गया था।

Created On :   4 Aug 2018 11:15 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story