एशियन गेम्स: भारतीय महिला हॉकी टीम गोल्ड से एक कदम दूर, चीन को हराकर 20 साल बाद फाइनल में पहुंची

एशियन गेम्स: भारतीय महिला हॉकी टीम गोल्ड से एक कदम दूर, चीन को हराकर 20 साल बाद फाइनल में पहुंची
हाईलाइट
  • भारतीय टीम की यह लगातार पांचवीं जीत है।
  • भारतीय महिला हॉकी टीम 20 साल बाद एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंची है।
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

डिजिटल डेस्क, जकार्ता। भारतीय महिला हॉकी टीम ने जकार्ता में खेले जा रहे 18वें एशियन गेम्स में चीन को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम की यह लगातार पांचवीं जीत है। इस जीत के साथ ही हॉकी में भारत का एक पदक पक्का हो गया है। भारतीय महिला हॉकी टीम 20 साल में पहली बार एशियाड के फाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 1998 एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंची थी। फाइनल में भारत का मुकाबला जापान से होगा। भारत ने चीन को हराकर पिछले एशियन गेम्स में चीन के हाथों मिली हार का भी बदला ले लिया। भारत की ओर से एकमात्र गोल गुरजीत कौर ने 52वें मिनट में किया।

पहले हाफ में भारतीय टीम शानदार खेल दिखाते हुए तीन बार की गोल्ड मेडलिस्ट चीन पर हावी रही। पहले हाफ में भारत ने काफी काउंटर अटैक किए, लेकिन किसी भी मौके को गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। मैच के आठवें मिनट में भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इन पर गोल करने में नाकाम रही। इसके बाद 16वें मिनट में भारत की स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी और कप्तान रानी ने एक शानदार स्ट्रोक लिया, जिसे चीन की डिफेंस खिलाड़ी ने रोक लिया। पहले हाफ के अंतिम समय में भारत की उदिता एक अच्छे पास पर गोल करने में नाकाम रही। पहला हाफ गोल रहित खत्म हुआ। 

इसके बाद दूसरे हाफ के 38वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर गुरजीत ने शॉट लिया, लेकिन गेंद गोल के बाहर चली गई। 41वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन यह भी बेकार चला गया। भारतीय टीम को इसके बाद 51वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और भारत की गुरजीत ने आखिरकार 52वें मिनट में गोल कर भारत को जीत दिला दी।

इससे पहले भारत ने नौ एशियन गेम्स में एक गोल्ड (1982, दिल्ली), एक सिल्वर (1998, बैंगकॉक) और तीन ब्रॉन्ज (1986 सियोल, 2006 दोहा, 2014 इंचिऑन) सहित कुल पांच मेडल्स जीते हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दिल्ली में हुए 1982 एशियन गेम्स में डेब्यू करते हुए गोल्ड जीता था। वहीं 2014 इंचिऑन में हुए आखिरी एशियन गेम्स में भारत को सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम अब फाइनल में जापान से भिड़गी। जापान ने अपने सेमीफाइनल मैच में पांच बार की गोल्ड मेडलिस्ट साउथ कोरिया को हराकर बाहर कर दिया। भारतीय टीम ने 2014 इंचिऑन एशियन गेम्स में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में जापान को 2-1 से हराया था।

Created On :   29 Aug 2018 6:36 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story