फसलों पर सरकार की होगी डिजिटल नजर, सीएम ने किया ‘महा एग्रीटेक’ का शुभारम्भ

Maharashtra: CM Devendra Fadnavis has launched Maha Agritech scheme
फसलों पर सरकार की होगी डिजिटल नजर, सीएम ने किया ‘महा एग्रीटेक’ का शुभारम्भ
फसलों पर सरकार की होगी डिजिटल नजर, सीएम ने किया ‘महा एग्रीटेक’ का शुभारम्भ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खेतों में बुवाई से लेकर फसल काटने तक फसलों  के सभी चरणों को डिजिटली ट्रैक कर फसलों के बारे में किसानों को जानकारी दी जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘महा एग्रीटेक’ योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना का फायदा डेढ़ करोड़ किसानों को होगा। बुवाई से लेकर फसलों की कटाई तक के प्रत्येक चरण में बुवाई क्षेत्र, मौसम और फसलों पर लगने वाले रोग के बारे में डिजिटल निगरानी रखकर किसानों को जानकारी देने वाली ‘महा एग्रीटेक’ देश की इस तरह की पहली योजना है। उपग्रह और ड्रोन प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से समय-समय पर फसलों को लेकर जानकारी मिल जाने से किसानों को उपाय योजना करना संभव हो सकेगा। एमआरसैक और इसरो की सहायता से राज्य सरकार योजना पर अमल कर रही है।

सोमवार को मुख्यमंत्री ने ‘लोकसंवाद’ कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए राज्यभर के किसानों से करीब तीन घंटों तक बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि ‘महा एग्रीटेक’ के तहत पहले चरण में 6 जिलों में रबी की फसलों के नियोजन, फसलवार बुवाई क्षेत्र के संबंध में कम्प्यूटर प्रणाली शुरू की गई है। योजना के जरिए डेढ़ करोड़ किसानों को इस प्लेटफार्म पर लाया जा सकेगा। उपग्रह की मदद से फसलवार क्षेत्र का मापन किया जा सकेगा। फसलों की बुवाई से कटाई तक फसलों की वृद्धि का सर्वेक्षण किया जाएगा। फसलों की कटाई के बाद उत्पादन का अनुमान पता करने में मदद मिलेगी। मौसम में बदलाव सहित फसलों पर लगने वाले कीड़े और रोग के बारे में भी समय पर जानकारी मिल सकेगी। 

इस बीच मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज किसान सम्मान योजना के तहत लगभग 51 लाख किसानों को 24 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया है। साल 2014-15 से अब तक प्राकृतिक आपदा से फसलों की नुकसान भरपाई के लिए किसानों को 15 हजार 240 करोड़ रुपए दिए गए हैं। राज्य में 1 लाख 37 हजार खेत तालाब बनाए गए हैं जबकि 1 लाख 30 हजार सिंचाई कुंआ खोदने का काम हुआ है। लोकसंवाद कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री ने जालना, पालघर, अहमदनगर, परभणी, वाशिम, गोंदिया, सोलापुर, उस्मानाबाद, चंद्रपुर, जलगांव और यवतमाल के किसानों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जालना के वरुड के दीपक म्हस्के, गोंदिया के बाबूलाल गौतम समेत अन्य किसानों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की।

मुख्यमंत्री से बातचीत करने वालों में गोंदिया जिले कि राणू रहांगडाले भी शामिल थी। राणू ने बीई इलेट्रानिक और एमबीए की पढ़ाई करने के बाद अपनी 35 एकड़ कृषि भूमि पर फलों व सब्जियों की खेती कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि खेती में सरकार की योजनाओं का उन्होंने किस तरह लाभ उठाया। उच्च शिक्षा के बाद खेती करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री ने राणू की तारीफ की।

 

Created On :   14 Jan 2019 6:26 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story