महाराष्ट्र: दो एनसीपी कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या 

महाराष्ट्र: दो एनसीपी कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या 

डिजिटल डेस्क, अहमदनगर। महाराष्ट्र के अहमदनगर में मुख्य विपक्षी दल नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दो कार्यकर्ताओं की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या की इस वारदात के बाद से जिले में तनाव की स्थिति है। घटना शनिवार शाम की है जब 6.45 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने इस डबल मर्डर को अंजाम दिया। हत्या के पीछे की मंशा और अपराधियों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब दोनों अपनी दुकान के बाहर बैठे हुए थे। जहां आकर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ आठ गोलियां चलाईं और वहां से फरार हो गए। 

महीने भर में अपने तरह की दूसरी घटना 
घटना के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जिन कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है उनमें NCP युवा मोर्चे के जिला महासचिव 29 वर्षीय योगेश रालेभत और 28 वर्षीय राकेश रालेभत हैं। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें शिवसेना कार्यकर्ताओं को दिन दिहाड़े गोली मारने की घटना के तीन हफ्ते बाद की ये इस तरह की दूसरी घटना है। जब शिवसेना कार्यकर्ताओं की भी इसी तरह हत्या कर दी गई थी। जिसमें  विधान परिषद सदस्य अरुण जगताप (विधायक के पिता), BJP विधायक शिवाजीराव कर्डिले और पूर्व महापौर संदीप कोतकर समेत करीब 50 लोगों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था। 

इनका कहना है 
जिले के पुलिस अधीक्षक रंजनकुमार शर्मा ने बताया कि मारे गए दोनों कार्यकर्ता जामखेड़ के रहने वाले थे। हत्या की वजह राजनैतिक है या कुछ और यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह मामला बदले वाला नहीं दिखाई पड़ता। 

Created On :   29 April 2018 8:47 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story