सांसद निधि खर्च करने में महाराष्ट्र के सांसदों ने दिखाई कंजूसी , 60.53 फीसदी राशि ही हो पाई खर्च 

MPs of Maharashtra only spend Rs 60.53 per cent in expenditure
सांसद निधि खर्च करने में महाराष्ट्र के सांसदों ने दिखाई कंजूसी , 60.53 फीसदी राशि ही हो पाई खर्च 
सांसद निधि खर्च करने में महाराष्ट्र के सांसदों ने दिखाई कंजूसी , 60.53 फीसदी राशि ही हो पाई खर्च 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। माननीय सांसद फिर से जनता के दरबार में हाजिरी लगाने वाले हैं। लिहाजा माननीयों के कामकाज की समीक्षा जरूरी है। 16वीं लोकसभा में महाराष्ट्र के सांसद सवाल पूछने में भले ही सबसे आगे रहे हों, परंतु सांसद विकास निधि (एमपी लैड) की राशि खर्च करने में ये काफी पीछे हैं। केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की मानें तो सूबे के 48 माननीयों को पिछले पांच साल के दौरान सांसद निधि से 1,200 करोड़ की राशि उपलब्ध हुई, जिसमें से 10 जनवरी 2019 तक 726 करोड़ 33 लाख रूपये ही खर्च हो पाए हैं। खर्च की गई राशि महज 60.53 फीसदी बैठती है।  

खर्च करने में तड़स हैं प्रदेश में अव्वल  

सांसद विकास निधि की 100 फीसदी राशि खर्च करने वाले सांसदों की सूचि में महाराष्ट्र का एक भी सांसद नहीं है। देश में 10 ऐसे सांसद हैं जिन्होने 100 फीसदी निधि खर्च की है। इस मामले में 94.28 फीसदी राशि खर्च कर भाजपा सांसद रामदास तड़स महाराष्ट्र में तो अव्वल रहे हैं परंतु देश में वे 26वें नंबर पर हैं। तड़स 25 करोड़ में से 23 करोड़ 57 लाख की राशि खर्च कर चुके हैं। भाजपा की हीना गाविट 78.80 फीसदी निधि खर्च करके प्रदेश में नंबर दो पर हैं, परंतु राष्ट्रीय स्तर पर उनका क्रमांक 142वां है। 

प्रीतम मुंडे रही हैं सबसे फिसड्डी 

पार्लियामेंट्री बिजनेस डॉट काम के मुताबिक महाराष्ट्र के आठ सांसद ऐसे हैं जिन्होने सांसद निधि की 50 फीसदी राशि भी खर्च नहीं की है। प्रदेश में सांसद निधि खर्च करने में सबसे फिसड्डी रही हैं भाजपा की प्रीतम मुंडे। 25 करोड़ में से महज सात करोड़ 32 लाख खर्च करके वह देश में 437वें पायदान पर हैं। मुंडे ने महज 29.28 फीसदी निधि खर्च की है। इस मामले में प्रदेश के और जिन सांसदों का प्रदर्शन लचर रहा है उनमें भावना गवली (42.20 फीसदी), राव साहेब दानवे (42.68 फीसदी), रक्षा खड़से (43.56 फीसदी), सुप्रिया सुले (43.64 फीसदी), उदयन राजे भोंसले (47.88 फीसदी), गोपाल शेट्टी (47.96 फीसदी) और रवीन्द्र गायकवाड़ (49.80 फीसदी) का नाम शामिल है। 

तुमाने, पूनम ने खर्चे 70 फीसदी से ज्यादा निधि 

केन्द्रीय मंत्री हंसराज अहीर 75.52 फीसदी निधि खर्च करके प्रदेश में छठे नंबर पर हैं तो सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी 69.12 फीसदी राशि खर्च करके इस मामले में 16वें पायदान पर हैं। कांग्रेस सांसद अशोक चह्वाण संासद निधि का 52.88 फीसदी राशि खर्च कर पाए हैं तो केन्द्रीय मंत्री सुभाष भामरे उनसे भी कम 50.12 फीसदी राशि ही खर्च कर पाए हैं। सांसद निधि की रािश खर्च करने में कपिल पाटील, श्रीकांत शिंदे, किरीट सोमैय्या, अनंत गीते, दिलीप गांधी, राहुल शेवाले, पूनम महाजन, कृपाल तुमाने और हेमंत गोडसे की स्थिति बेहतर है, जिन्होने 70 फीसदी से ज्यादा निधि खर्च की है। इसी प्रकार राजीव सातव ने 67.20 फीसदी, आनंदराव अडसूल ने 63.76 फीसदी, चंद्रकांत खैरे ने 60.88 फीसदी और संजय धोत्रे ने 56.96 फीसदी राशि खर्च की है। सांसद निधि की 100 फीसदी राशि खर्च करने वाले सांसदों में तृणमूल कांग्रेस की संध्या रॉय, भाजपा के छेदी पासवान, किरण खेर, हुकुुमदेव नारायण और तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय का नाम शुमार है। 

सांसद          खर्च की गई राशि (25 लाख)

रामदास तड़स  – 23 करोड़ 57 लाख 
हीना गाविट   -   19 करोड़ 7 लाख 
किरीट सोमैय्या -  19 करोड़ 32 लाख
हंसराज अहीर   -  18 करोड़ 88 लाख
अनंत गीते       -  18 करोड़ 67 लाख
पूनम महाजन    -  17 करोड़ 86 लाख 
कृपाल तुमाने    -   17 करोड़ 55 लाख
नितीन गडकरी   -  17 करोड़ 28 लाख
राजीव सातव     -  16 करोड़ 8 लाख
अनंतराव अडसूल - 15 करोड़ 94 लाख
चंद्रकांत खैरे     -   15 करोड़ 22 लाख
संंजय धोत्रे      -   14 करोड़ 24 लाख 
अशोक चह्वाण   -   13 करोड़ 22 लाख 
गोपाल शेट्टी    -   11 करोड़ 99 लाख
सुप्रिया सुले     -    10 करोड़ 91 लाख
भावना गवली   -    10 करोड़ 55 लाख 
प्रीतम मुंडे      -      7 करोड़ 32 लाख 

Created On :   22 Feb 2019 4:22 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story