जीत के बाद पीएम मोदी पहुंचे भाजपा कार्यालय, बोले- 2019 का जनादेश नए भारत के लिए

जीत के बाद पीएम मोदी पहुंचे भाजपा कार्यालय, बोले- 2019 का जनादेश नए भारत के लिए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी एक बार फिर प्रचण्ड बहुमत के साथ जीत हासिल की है। चुनावों में जीत पक्की होने के बाद पीएम मोदी शाम करीब 07.15 बजे बीजेपी कार्यालय पहुंचे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पीएम का का स्वागत किया। इसके बाद पीएम और अमित शाह ने दोनों हाथों से विकट्री साइन बनाकर पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दौरान कहा कि 2019 का जनादेश नए भारत के लिए हैं।

पीएम ने कहा, मैं आज व्यस्त था। इसलिए मैं परिणामों पर ध्यान नहीं दे सका। मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन मुझे पार्टी अध्यक्ष ने जानकारी दी थी। मैं इसे विस्तार से देखूंगा। लेकिन उन्होंने मुझे जो बताया, उससे यह संकेत मिलता है कि राजनीतिक पंडितों को अपनी 20वीं सदी की सोच को बदलना होगा। पीएम ने कहा, 2014 से 2019 आते-आते सेक्युलरिज्म की जमात ने बोलना बंद कर दिया। इस चुनाव में एक भी राजनीतिक दल सेक्युलरिज्म का नकाब पहन कर जनता को गुमराह नहीं कर पाया।

क्या कहा पीएम मोदी ने?
पीएम ने कहा आज स्वयं मेघराज भी इस विजयोत्व में सरीक होने के लिए हमारे बीच हैं। 2019 लोकसभा के चुनाव में हम सब देशवासियों के पास नए भारत के लिए जनादेश लेने गए थे। आज हम देख रहे हैं कि देश के कोटि-कोटि नागरिकों ने इस फकीर की झोली को भर दिया है। ये जो मतदान का आंकड़ा है ये अपने आप में लोकतांत्रिक विश्व के इतिहास की सबसे बड़ी घटना है। देश आजाद हुआ इतने लोकसभा के चुनाव हुए, लेकिन आजादी के बाद इतने चुनाव होने के बाद सबसे अधिक मतदान इस चुनाव में हुआ है। मैं इस लोकतंत्र के उत्तव में लोकतंत्र की खातिर, जिन-जिन लोगों ने बलिदान दिया है, जो घायल हुए हैं, उनके पारिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। इस चुनाव में मैं पहले दिन से कहा रहा था कि ये चुनाव कोई दल नहीं लड़ रहा है, कोई उम्मीदवार नहीं लड़ रहा है, कोई नेता नहीं लड़ रहा है। ये चुनाव देश की जनता लड़ रही है।

ये विजय जनता-जर्नादन के चरणों में समर्पित
पीएम मोदी ने कहा, महाभारत के युद्ध के बाद श्रीकृष्ण से पूछा गया था कि वो किसके पक्ष में थे। जो जवाब तब श्रीकृष्ण ने दिया था, वही जवाब आज देश की जनता ने दिया है।श्रीकृष्ण ने तब कहा था कि मैं किसी के पक्ष में नहीं था, मैं सिर्फ हस्तीनापुर के पक्ष में खड़ा था, आज भारत के 130 करोड़ नागरिक भारत के पक्ष में खड़े थे, भारत के पक्ष में उन्होंने मतदान किया। जिनके आंख-कान बंद थे उनके लिए मेरी बात समझना मुश्किल था, लेकिन आज मेरी उस भावना को जनता-जर्नादन ने प्रकट कर दिया है। इसलिए अगर कोई विजयी हुआ है तो हिंदुस्तान विजयी हुआ है। अगर कोई विजयी हुआ है तो लोकतंत्र विजयी हुआ है। हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, हम सभी एनडीए के साथी, नम्रता पूर्वक इस विजय को जनता-जर्नादन के चरणों में समर्पित करते हैं।

सभी विजयी उम्मीदवार देश की सेवा करेंगे
पीएम ने कहा, जो उम्मीदवार विजयी हुए हैं, उन सभी को मैं ह्रदयपूर्वक बधाई देता हूं। वो किसी भी दल से आए हों, लेकिन देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए कंधे से कंधा मिलाकर ये सभी विजयी उम्मीदवार देश की सेवा करेंगे, इस विश्वास के साथ मैं उन्हें शुभकामना देता हूं। भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता, उनके परिश्रम, उनका पुरुषार्थ, कितना गर्व होता है कि जिस दल में हम हैं, उसमें कितने दिलदार लोग हैं। कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का सिर्फ एक ही भाव- भारत माता की जय और कुछ नहीं। भाजपा की एक विशेषता है कि हम कभी दो भी हो गए, लेकिन हम कभी अपने मार्ग से विचलित नहीं हुए। आदर्शों को ओझल नहीं होने दिया। न रुके, न झुके, न थके। कभी हम दो हो गए, तो भी और आज दोबारा आ गए। दो से दोबारा होने की यात्रा में कई उतार चढ़ाव आए। हम दो थे, तब भी निराश नहीं हुए। अब दोबारा आए हैं तब भी न नम्रता छोड़ेगे, न विवेक को छोड़ेंगे, न हमारे आदर्शों को छोड़ेंगे, न हमारे संस्कारों को छोड़ेंगे।

अब देश में दो जाति ही रहने वाली है
पीएम मोदी ने कहा, ये 21वीं सदी है, ये नया भारत है। ये चुनाव की विजय मोदी की विजय नहीं है। ये देश में ईमानदारी के लिए तड़पते हुए नागरिक की आशा-आकांक्षा की विजय है। यह 21वीं सदी के सपनों को लेकर चल पड़े नौजवान की विजय है। ये विजय आत्मसम्मान, आत्मगौरव के साथ एक शौचालय के लिए तड़पती हुई उस मां का विजय है। ये विजय उस बीमार व्यक्ति की है जो 4-5 साल से पैसों कमी की वजह से अपना उपचार नहीं करवा पा रहा था और आज उसका उपचार हो रहा है। ये उसके आशीर्वाद की विजय है। अब देश में सिर्फ दो जाति ही रहने वाली हैं और देश इन दो जातियों पर ही केंद्रित होने वाला है। 21वीं सदी में भारत में एक जाति है- गरीब और दूसरी जाति है- देश को गरीबी से मुक्त कराने के लिए कुछ न कुछ योगदान देने वालों की। 

पीएम ने कहा, चुनावों के बीच क्या हुआ, मेरे लिए वो बात बीत चुकी है। हमें सबको साथ लेकर चलना है। घोर विरोधियों को भी देशहित में उन्हें साथ लेकर चलना है। इस प्रचंड बहुमत के बाद भी नम्रता के साथ लोकतंत्र की मर्यादाओं के बीच चलना है। संविधान हमारा सुप्रीम है, उसी के अनुसार हमें चलना है। मैं देश को कहूंगा कि आपने 2014 में मुझ पर भरोसा किया, 2019 में ज्यादा जानने के बाद और ज्यादा ताकत दी। मैं इसके पीछे की भावना को भलीभांति समझता हूं। भरोसा जैसे बढ़ता है, जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ती है।

पीएम ने किए तीन वादे
पीएम मोदी ने इस दौरान देश की जनता से तीन वादे किए। पीएम ने कहा, मैं देशवासियों से आज जरूर कहना चाहूंगा, इसे मेरा वादा-संकल्प-प्रतिबद्धता मानिए कि आपने जो मुझे फिर से काम दिया है, आने वाले दिनों में मैं बदइरादे, बदनीयत से कोई काम नहीं करूंगा। इतनी बड़ी जिम्मेदारी के बाद में देशवासियों से कहना चाहूंगा कि मैं मेरे लिए कुछ नहीं करूंगा। मेरा पल-पल और मेरे शरीर का कण-कण देशवासियों के सेवा में समर्पित होगा।

क्या कहा अमित शाह ने?
अमित शाह ने कहा कि कई मायने में ये जीत ऐतिहासिक है। 50 साल के बाद पहली बार देश में पूर्ण बहुमत से शासन करने वाला प्रधानमंत्री, दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। ये सम्मान हम सबके लोकप्रिय नेता, भाजपा के लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी जी को मिला है। शाह ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 17 राज्यों में बीजेपी के 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले हैं। उन्होंने कहा, आज देश के अंदर आजादी के बाद सबसे ऐतिहासिक विजय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को प्राप्त हुई है। ये हम सबके लिए गौरव की बात है। ये देश की जनता की विजय है। ये भाजपा के 11 करोड़ भाजपा के कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की विजय है। ये विजय भाजपा की मोदी सरकार, जिसने 2014-2019 तक सबका साथ-सबका विकास की नीति से काम किया, ये उस नीति की विजय है। 

अमित शाह ने कहा, उत्तर प्रदेश के अंदर सपा-बसपा दोनों इकट्ठा हुए तो पूरे देश के मीडिया का कहना था कि उत्तर प्रदेश में क्या होगा? ये प्रचंड विजय दर्शाती है कि आने वाले दिनों में परिवारवादी पार्टियों का कोई महत्व नहीं रहने वाला है। मैंने देश के कार्यकर्ताओं को कहा था कि हम 50 प्रतिशत की लड़ाई लड़ने के लिए चुनाव मैदान में हैं। आज मैं गौरव के साथ कह सकता हूं कि देश के 17 राज्यों में जनता ने 50 प्रतिशत से ज्यादा वोटों का आशीर्वाद भाजपा को दिया है। एक ओर जनता ने मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को जिताया है। दूसरी ओर कांग्रेस को करारी हार देखनी पड़ी है। देश के 17 राज्यों में कांग्रेस को बिग जीरो मिला है। बंगाल के अंदर इतने जुर्म और अत्याचार के बाद भी 18 सीटें भाजपा ने जीती और पांच विधानसभा के चुनाव थे, 5 विधानसभा में से 4 विधानसभा भारतीय जनता पार्टी की झोली में आई। ये बताता है कि आने वाले दिनों में बंगाल के अंदर भाजपा वर्चस्व स्थापित करने वाली है।

 

 

Created On :   23 May 2019 1:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story