गुरुग्राम: नमाज पढ़ने में खलल डालने के आरोप में 6 लोग गिरफ्तार

गुरुग्राम: नमाज पढ़ने में खलल डालने के आरोप में 6 लोग गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में एक खाली मैदान में नमाज पढ़ने में खलल डालने वाले 6 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन असामाजिक तत्वों ने जय श्रीराम के नारे लगाते हुए नमाजियों को धमकाया और उस मैदान पर कभी नमाज न पढ़ने की चेतावनी भी दी। पुलिस ने गुरुवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

घटना के एक हफ्ते बाद हुई गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक घटना के एक हफ्ते बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अरेस्ट किए गए 6 लोगों की पहचान मोहित, रविंदर,अरुण, मनीष, दीपक और मोनू के रूप में की गई है। ये घटना 20 अप्रैल को हुई थी। 23 अप्रैल तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई थी।

घटना का वीडियो बनाकर किया वायरल


पुलिस के अनुसार नेहरू युवा संगठन के चेयरमैन हाजिद शहजाद ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में खाली पड़े मैदान पर वो पिछले कई सालों से हर शुक्रवार को नमाज पढ़ने के लिए इसी मैदान पर आते हैं लेकिन कुछ दिन पहले करीब आधा दर्जन लोगों ने उस ग्राउंड में नमाज न पढ़ने की धमकी दी थी। इसके बाद दोबारा 20 अप्रैल को भी नमाज पढ़ने के दौरान नमाजियों से अभद्रता की गई। इतना ही नहीं असामाजिक तत्वों ने नारे लगाते हुए नमाज नहीं पढ़ने दी और वहां से नमाजियों को जबरन भगा दिया।

नारे लगाकर नहीं पढ़ने दी नमाज

हाजिद शहजाद ने आरोप लगाया है कि हिन्दू धर्म के नारे लगाते हुए इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। वायरल वीडियो में आरोपी जय श्री राम और बांके बिहारी की जय के नारे लगाते नजर आए और नमाज पढ़ रहे लोगों को मैदान से जाने के लिए भी कह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Created On :   27 April 2018 3:34 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story