साढ़े 8 माह की गर्भवती महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या

Pregant woman crushed by stone in satna madhya pradesh
साढ़े 8 माह की गर्भवती महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या
साढ़े 8 माह की गर्भवती महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या

डिजिटल डेस्क,सतना। अमगार जंगल में मृत मिली महिला साढ़े 8 माह की गर्भवती थी, गुरूवार सुबह सिविल अस्पताल मैहर में 5 सदस्यीय डाक्टर टीम ने जब पोस्टमार्टम किया तो उसके पेट से मृत बच्ची बाहर निकली, जो पूर्ण विकसित हो चुकी थी। टीम में महिला चिकित्सक भी शामिल थीं। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई तो दोनों के शव मर्चुरी में ही रखवा दिए हैं ताकि शिनाख्त की एक और कोशिश की जा सके। बदेरा थाने के एएसआई यूएम मिश्रा ने बताया कि यदि शुक्रवार दोपहर तक कोई भी दावेदार सामने नहीं आया तो नगर पालिका के सहयोग से मां, बेटी के शवों को दफना दिया जाएगा।
एक से ज्यादा हो सकते हैं हत्यारे
प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में सिर व चेहरे को पत्थर से कुचलकर कर हत्या की बात कही गई है। मृतिका का गला नहीं घोटा गया था। इस बात की पूरी संभावना है कि वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। जिनके द्वारा बहाने से महिला को जंगल में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया गया।   फिलहाल अंधेरे में तीर चला रही पुलिस छोटे से छोटे सुराग को नजर अंदाज नहीं कर रही।
दुष्कर्म की आशंका
जंगल में पुलिस को जब शव मिला, तब महिला की लैगी घुटनों के नीचे तक उतरी हुई थी। ऐसे में आशंका है कि हत्या से पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई तो लोग जंगल की तरफ जाने से भी घबराने लगे हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया के अलावा मुखबिरों के जरिए भी प्रयास जारी रखे हैं। गुरूवार को कुछ लोग शव की पहचान करने सिविल अस्पताल की मर्चुरी तक पहुंचे, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
क्या है मामला
गौरतलब है कि बदेरा थाना अंतर्गत अमगार गांव से लगे बसहा नाले के पास बुधवार को गश्त कर रहे वन विभाग के चौकीदार ने 25 से 30 वर्षीय महिला का शव पड़े देखकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया था, जिनके द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। तब थाने का स्टाफ फारेंसिक टीम   के साथ मौके पर गया और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मर्चुरी में  रखवा दिया था। मृतका के बाएं हाथ में ओम का गुदना बना था। इसके अलावा पहचान के लायक कोई भी चिन्ह या मोबाइल नहीं मिला, उसका पर्स भी खाली थी। हत्यारे या हत्यारों ने चेहरा बिगाडऩे के साथ ही फोन और अन्य सामान भी गायब कर दिया था।

 

Created On :   15 Feb 2019 8:05 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story