साइकिल खरीदने के लिए बच्ची ने 4 साल में जमा किए थे 9 हजार रुपए, बाढ़ पीड़ितों को कर दिए दान

साइकिल खरीदने के लिए बच्ची ने 4 साल में जमा किए थे 9 हजार रुपए, बाढ़ पीड़ितों को कर दिए दान
हाईलाइट
  • तमिलनाडु की 9 साल की बच्ची ने की केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद।
  • साइकिल खरीदने के लिए चार साल में बचाए थे 9000 रुपए।
  • हीरो कंपनी ने नई साइकिल देने का वादा किया।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरे देश से लोग सामने आ रहे हैं। इसी बीच तमिलनाडु की एक नौ साल की बच्ची ने 9 हजार रुपए दान कर सबका दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया में खूब सराहना बटोरने के बाद अब नामी साइकल कंपनी ने उसे एक नई साइकिल देने का वादा किया है। 

 


तमिलनाडु के विल्लुपुरम क्षेत्र की नौ साल की अनुप्रिया ने टीवी पर केरल की तबाही देखी। इसके बाद उसने चार साल से जमा की गई 9000 रुपये की अपनी बचत को दान करने का फैसला किया। बच्ची ने ये पैसे साइकिल खरीदने के लिए जमा किए थे, लेकिन टीवी पर केरल में बाढ़ से मची तबाही का मंजर देखने के बाद उसने बचत राशि को दान करने का फैसला किया।

 


अनुप्रिया के इस कदम ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके लिए हीरो साइकल्स ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर मानवता के समर्थन के उसके भाव की प्रशंसा की और कहा उसे उनकी तरफ से एकदम नई साइकल मिलेगी। हीरो मोटर्स कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पंकज एम मुंजाल ने अनुप्रिया को एक नेक इंसान बताया और उसे हर साल एक नई साइकिल देने का वादा किया। केरल से कांग्रेस सासंद शशि थरूर ने कंपनी के इस कदम का स्वागत किया है।
  

 

केरल बाढ़: मदद के लिए मछली बेचने वाली 21 वर्षीय हनान ने दिए 1.5 लाख रुपए 

इससे पहले मछली बेचकर पढ़ाई और घर का खर्च उठाने वाली बेंगलुरू की एक छात्रा ने पीड़ितों की मदद के लिए डेढ़ लाख रुपए दान किए थे। गौरतलब है कि केरल में बाढ़ से अब तक 370 लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा के कारण 19 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। बाढ़ के कारण 7,24,649 लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। बाढ़ पीड़ितों के लिए 5,645 राहत शिविर बनाए गए हैं।


 

Created On :   20 Aug 2018 9:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story