बेटियों की विश्व-स्तर की उपलब्धियों पर देश को गर्व : रामनाथ कोविंद

बेटियों की विश्व-स्तर की उपलब्धियों पर देश को गर्व : रामनाथ कोविंद
हाईलाइट
  • उन्होंने राजधानी अगरतला और दक्षिणी शहर उदयपुर में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की।
  • राष्ट्रपति कोविंद ने उदयपुर और सबरुम के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग डबल लेन का औपचारिक उदघाटन किया।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ गुरुवार को त्रिपुरा दौरे पर पहुंचे।

डिजिटल डेस्क, अगरतला।  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ गुरुवार को त्रिपुरा दौरे पर पहुंचे। उन्होंने राजधानी अगरतला और दक्षिणी शहर उदयपुर में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की। राष्ट्रपति कोविंद ने उदयपुर और सबरुम के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग डबल लेन का औपचारिक उदघाटन किया। इस दौरान कोविंद ने कहा कि देश के विभाजन के बाद त्रिपुरा और कोलकाता के बीच दूरी 1,700 किलोमीटर तक बढ़ गई है। निमार्णाधीन अगरतला-अखौरा रेल लिंक के तहत, पूर्वोत्तर भारत बांग्लादेश रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा। सड़क और रेल लिंक के विकास के साथ पूर्वोत्तर भारत और बांग्लादेश दोनों को बहुत फायदा होगा।

 

 

कोविंद ने कहा, देश का राष्‍ट्रपति बनने के बाद, त्रिपुरा की यह मेरी पहली यात्रा है। यह यात्रा त्रिपुरावासियों के जीवन को बदलने वाली परियोजना के पूरा होने के अवसर पर हो रही है, यह विशेष प्रसन्‍नता का विषय है। आप सबने मेरा जो अभिनंदन किया है उसके लिए मैं पुनः आप सबको धन्यवाद देता हूँ और आपके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना करता हूं।

 

 

इसी दिन राष्ट्रपति ने उदयपुर में माता त्रिपुरेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और शाम को अगरतला में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि त्रिपुरा की बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है। त्रिपुरा के बेटो ने भी खेल-कूद के क्षेत्र में देश-विदेश में सराहना प्राप्‍त की है।

 

Image result for Ram Nath Kovind

 

त्रिपुरा की बेटियों ने देश के बाहर भी भारत का नाम ऊंचा किया है। जिमनास्ट दीपा करमाकर की विश्व-स्तर की उपलब्धियों पर, पूरे भारत को गर्व है। यहाँ की एक जनजातीय बेटी लक्ष्मिता रियांग ने, भारत की महिला फुटबॉल टीम में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। दो दिन पहले ही त्रिपुरा की बेटी निष्ठा चक्रवर्ती ने रूस में आयोजित किक-बॉक्सिंग की विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। त्रिपुरा के सपूत सोमदेव देव बर्मन ने टेनिस जगत में देश का गौरव बढ़ाया है।

 

 

राष्ट्रपति ने समारोह में कहा, महिलाओं के सशक्तिकरण की दृष्टि से त्रिपुरा अग्रणी राज्यों में है। यहाँ का सेक्स-रेशियो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। मुझे बताया गया है कि त्रिपुरा की महिलाएं, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में बहुत सक्रिय हैं तथा महिलाओं के विषय में यहाँ के लोगों की सोच प्रगतिशील है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘क्वीन पाईनेपल’ को त्रिपुरा का ‘स्टेट फ्रूट’ घोषित किए जाने पर मुझे प्रसन्नता हुई है। मुझे यह जानकर भी खुशी हुई है कि तीन-चार दिन पहले ही, ‘क्वीन पाईनेपल’ की पहली खेप का खाड़ी के देशों में निर्यात किया गया है। इसे त्रिपुरा और पूर्वोत्तर क्षेत्र द्वारा विश्व-व्यापार से जुड़ने में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जाना चाहिए। मैं आशा करता हूँ कि त्रिपुरा का पाइनेपल, भारत के अन्य राज्यों, बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों और दुनियाँ के अन्य देशों में भी पहुंचेगा।

 

 

 


 

राष्ट्रपति ने कहा, राज्य में शांति और सौहार्द के वातावरण और विकास की ओर ध्यान देने की एक नई ऊर्जा के लिए मैं त्रिपुरा की जनता, यहाँ के युवाओं और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की सराहना करता हूँ। मुझे विश्वास है कि त्रिपुरा के लोग विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तत्पर हैं।

Created On :   8 Jun 2018 7:46 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story